प्रशासन की तैयारी को ठेंगा दिखाते ओटो ड्राइवर और ट्रक, छठ पर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर मंडराता खतरा
मनिहारी (रतन कुमार ओझा)
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिले के मनिहारी गंगाघाट पर जिलाधिकारी मनेश कुमार मीना और पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा द्वारा सुगम और सुरक्षित स्नान की तैयारियों को सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए थे। जिलाधिकारी ने गंगाघाट की ओर जाने वाले सभी मार्गों पर बिना रुकावट सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, साथ ही पुलिस अधीक्षक ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी व थाना अध्यक्ष को सुरक्षित स्नान व्यवस्था बनाए रखने के लिए आदेशित किया।रविवार को जिलाधिकारी के निर्देशों के बावजूद, मनिहारी थाना मोड़ से कुटी घाट की ओर जाने वाले रास्ते पर जगह-जगह ट्रक खड़ी देखी गई। इसके चलते गंगा स्नान करने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में बाधाओं का सामना करना पड़ा। मनिहारी-कटिहार के बीच चलने वाले कई ओटो ड्राइवरों द्वारा भी नियमों की अनदेखी की गई, ओटो की छत पर यात्रियों को बैठाकर क्षमता से अधिक भीड़ के साथ यात्रा करते देखा गया। ओटो चालकों की इस लापरवाही और प्रशासन की ढील के चलते आने वाले दिनों में अप्रिय घटनाओं की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि रेलवे फाटक बंद होने के बाद भी ओटो ड्राइवर जल्दबाजी में फाटक पार करने का प्रयास करते दिखे। रविवार को एक ओटो फाटक के बीच में फंस गया, जिससे कुछ देर के लिए यातायात अवरुद्ध हो गया और यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हुए।गंगा किनारे पूजन सामग्री की दुकानों को घाट से दूर लगाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन कई जिद्दी दुकानदारों ने इन आदेशों की अनदेखी करते हुए स्नान स्थल के पास ही दुकानें सजा लीं। दोपहर में अंचलाधिकारी के नेतृत्व में सहायक थाना अध्यक्ष राजकुमार और रेल थाना प्रभारी जीत नारायण हेम्ब्रम ने पुलिस बल के साथ मिलकर दुकानों को हटवाया और नियमों का पालन करवाया।प्रशासन द्वारा दिए गए सख्त निर्देशों के बावजूद स्थानीय व्यवस्था में कई खामियां देखने को मिलीं। ऐसे में छठ पर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन को और कड़े कदम उठाने की आवश्यकता है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
