August 28, 2026

बसों पर गोलीबारी मामले में मुख्य आरोपी बुलेट यादव ने किया सरेंडर, जेल भेजा गया

Read Time:2 Minute, 37 Second

मो0 काजु( फलका )

फलका-कटिहार मार्ग पर यात्री बसों से रंगदारी मांगने और रंगदारी नहीं मिलने पर तीन बसों पर गोलीबारी करने के चर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले के मुख्य नामजद आरोपी बुलेट यादव ने बुधवार को फलका थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।जानकारी के अनुसार, बसों के परिचालन और टाइमिंग को लेकर चल रहे विवाद के बीच कुछ लोगों द्वारा बस संचालकों से पांच लाख रुपये रंगदारी की मांग की गई थी। आरोप है कि रंगदारी की रकम नहीं मिलने पर बदमाशों ने फलका बाजार स्थित धर्मकांटा के समीप खड़ी तीन यात्री बसों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। गोलीबारी में बसों के आगे के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।घटना के बाद बस संचालकों और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष जांच टीम का गठन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी शुरू कर दी थी।सदर-2 के एसडीपीओ सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस की लगातार दबिश और संभावित कुर्की-जब्ती की कार्रवाई के दबाव में मुख्य आरोपी बुलेट यादव ने थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा तथा सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

Previous post ईद मिलाद-उन-नबी पर हसनगंज में निकला मोहम्मदी जुलूस, गूंजा भाईचारे का संदेश
Next post 25 वर्षों से कांवरियों की सेवा में जुटी बोल बम सेवा समिति
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial