नागरिक संघर्ष समिति का छः सूत्री मांगों को लेकर एकदिवसीय धरना
मनिहारी में जनहित से जुड़े मुद्दों पर सैकड़ों नागरिकों सहित जनसुराजियों ने की भागीदारी।
मनिहारी (रतन कुमार ओझा)
शुक्रवार को नागरिक संघर्ष समिति ने जनहित से जुड़े छह प्रमुख मांगों को लेकर अनुमंडल कार्यालय के सामने एकदिवसीय धरना दिया। समिति के अध्यक्ष अंगद ठाकुर के नेतृत्व में सैकड़ों नागरिक और बाढ़ प्रभावित परिवार इस धरना प्रदर्शन में शामिल हुए।धरने में उठाई गई छः सूत्री मांगों में मुख्य रूप से मनिहारी-साहिबगंज फेरी सेवा को पुनः शुरू करना, अनुमंडल अस्पताल में शिशु एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति, अल्ट्रासाउंड जांच और आईसीयू की व्यवस्था करना, प्रिपेड बिजली मीटर पर रोक लगाना, वृद्धा पेंशन की राशि चार सौ से बढ़ाकर एक हजार रुपये करना, बाढ़ प्रभावित परिवारों को जीआर राशि उपलब्ध कराना, और विधानसभा व नगर क्षेत्र का जातिगत आधार पर परिसीमन करने की मांग शामिल है।अंगद ठाकुर ने कहा, “समिति जनहित के मुद्दों पर लगातार आवाज उठाती रही है। यह धरना नागरिकों की समस्याओं और उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाने का एक प्रयास है।”धरना प्रदर्शन के बीच में पहुंचे जनसुराज के जिला संयोजक सत्यनारायण शर्मा, डॉ सगिर अहमद, कृष्ण कुमार, अधिवक्ता प्रद्युम्न ओझा ने भी मांगों का समर्थन किया और सरकार को इस मामले में अनावश्यक कारवाई का आग्रह किया।इस प्रदर्शन में हम सेक्यूलर पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष जयप्रकाश यादव, धवलेंद्र ओझा, समाजसेवी करण मानस सहित अन्य प्रमुख लोग भी शामिल थे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नही की गई, तो आंदोलन और तेज होगा।धरने में विशेष रूप से बाढ़ प्रभावित परिवारों ने अपनी समस्याओं को उठाया और सरकार से उचित मुआवजा और राहत प्रदान करने की गुहार लगाई। मौके पर उपस्थित नागरिकों ने सरकार से मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने की अपील की।
