पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी), कटिहार का राज्य में बेहतर प्रदर्शन करने पर राज्य स्वास्थ्य विभाग द्वारा कर्मियों को किया गया पुरस्कृत
सिविल सर्जन द्वारा सभी एनआरसी कर्मियों को और कुपोषित बच्चों को स्वस्थ करने के लिए किया गया प्रोत्साहित ।
वित्तीय वर्ष 2023-24 में कटिहार एनआरसी से 277 बच्चों का हुआ है इलाज ।
कटिहार सदर के साथ साथ 04 प्रखंडों में भी संचालित है एनआरसी ।
वजन, लंबाई व ऊंचाई के आधार पर होती है कुपोषित बच्चों की पहचान ।
सामान्य बच्चों की तुलना में अतिकुपोषित बच्चा मृत्यु दर नौ गुना अधिक ।
प्रवीण कुमार(कटिहार)
गर्भावस्था के दौरान गर्भवती महिलाओं द्वारा एवं बच्चों के जन्म के बाद उसे बेहतर पोषण नहीं मिलने से बच्चे कुपोषण का शिकार हो जाते हैं। ऐसे कुपोषित बच्चों के शरीर का उम्र के अनुसार आवश्यक रूप से विकास नहीं होता है। ऐसे कुपोषित बच्चों की समय पर पहचान कर सदर अस्पताल कटिहार में संचालित पोषण पुनर्वास केंद्र में आवश्यक इलाज कराने से बच्चे सुपोषित हो जाते हैं। पोषण पुनर्वास केंद्र, कटिहार द्वारा वित्तीय वर्ष 2023-24 में ज्यादा बच्चों को सुपोषित करने के लिए राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के द्वारा पुरस्कृत किया गया है। मंगलवार को सिविल सर्जन डॉ जितेंद्र नाथ सिंह द्वारा पोषण पुनर्वास केंद्र में कार्यरत सभी कर्मियों को पुरस्कार मिलने पर बधाई देते हुए आगे भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ जितेंद्र नाथ सिंह के साथ डीपीएम भगवान प्रसाद वर्मा, डीसीएम अश्विनी कुमार मिश्रा, डीएएम सत्यम कुमार, डीसीक्यूए डॉ किसलय कुमार, डीएमएनई अखिलेश कुमार सिंह, पोषण पुनर्वास केंद्र की फूड डाइटीशियन रानी गुप्ता, स्टाफ नर्स ओमप्रकाश और अन्य एनआरसी कर्मी उपस्थित रहे।वित्तीय वर्ष 2023-24 में कटिहार एनआरसी से 277 बच्चों का हुआ है इलाज :सिविल सर्जन डॉ जितेंद्र नाथ सिंह ने बताया कि कुपोषित बच्चों के बेहतर इलाज के लिए कटिहार सदर अस्पताल में पोषण पुनर्वास केंद्र संचालित है। यहां सभी प्रखंडों से चिन्हित कुपोषित, अत्यधिक कुपोषित बच्चों का एडमिशन करते हुए उसका आवश्यक इलाज किया जाता है। इसके लिए एनआरसी केंद्र में शिशु चिकित्सक के साथ साथ पोषण समन्यवक भी उपस्थित रहते हैं। इनके द्वारा उपस्थित बच्चों का समय पर इलाज करने के साथ साथ उम्र और कुपोषण के अनुसार बच्चों आवश्यक पोषण कराया जाता है। समय पर कुपोषित बच्चों का पर्याप्त इलाज होने पर वे सुपोषित हो जाते हैं। सिविल सर्जन डॉ जितेंद्र नाथ सिंह ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में सिर्फ कटिहार सदर पोषण पुनर्वास केंद्र में 277 कुपोषित बच्चों का एडमिशन करते हुए उनका इलाज करवाया गया है। यह पूरे बिहार राज्य में दूसरे स्थान पर रहा जिसके लिए राज्य स्वास्थ्य विभाग द्वारा इसे पुरस्कृत किया गया है। सभी एनआरसी कर्मियों के बेहतर प्रदर्शन के बाद कटिहार एनआरसी को यह उपलब्धि मिली है। इसके लिए सभी एनआरसी कर्मियों को प्रोत्साहित करते हुए और बेहतर कार्य करने का निर्देश दिया गया है जिससे कि कटिहार में कुपोषित बच्चों को स्वस्थ किया जा सके।कटिहार सदर के साथ साथ 04 प्रखंडों में भी संचालित है एनआरसी :डीपीएम भगवान प्रसाद वर्मा ने बताया कि कुपोषित बच्चों को सुपोषित करने के लिए पोषण पुनर्वास केन्द्र कटिहार सदर अस्पताल के साथ साथ 04 अन्य प्रखंडों में भी एनआरसी संचालित है जिसमें एनआरसी कदवा, बरारी, मनिहारी और बारसोई शामिल है। प्रखंड स्तर पर कुपोषित बच्चों के बेहतर इलाज के लिए वर्ष 2023 के जुलाई माह से इन 04 प्रखंडों में एनआरसी का संचालन किया जा रहा है। जुलाई 2023 से फरवरी 2024 तक इस दौरान एनआरसी कदवा में 89 बच्चों, एनआरसी बरारी में 113 बच्चों, एनआरसी मनिहारी में 73 बच्चों और एनआरसी बारसोई में 89 कुपोषित बच्चों का इलाज करते हुए उन्हें सुपोषित किया गया है। डीपीएम ने सभी कुपोषित बच्चों की समय पर पहचान करते हुए उन्हें बेहतर इलाज कराने के लिए एनआरसी के ऐडमिट करने के लिए सभी एनआरसी कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिया है जिससे कि ज्यादा से ज्यादा कुपोषित बच्चों की पहचान करते हुए उन्हें आवश्यक इलाज उपलब्ध हो सके और सभी बच्चे समय पर स्वस्थ और तंदुरुस्त बन सके।वजन, लंबाई व ऊंचाई के आधार पर होती है कुपोषित बच्चों की पहचान : एनआरसी कटिहार सदर की फूड डाइटीशियन रानी गुप्ता ने बताया कि जन्म के बाद से ही नवजात शिशुओं का सही देखभाल आवश्यक है। ऐसा नहीं होने पर बच्चे कुपोषण का शिकार हो जाते हैं। कुपोषित बच्चों की समय पर पहचान कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सहायता प्रदान करने के लिए जिले में पोषण पुनर्वास केन्द्र का संचालन किया जाता है। इसमें एडमिशन के लिए नवजात शिशुओं का जन्म के साथ वजन लंबाई व ऊंचाई के आधार पर उनके पोषण स्थिति की पहचान की जाती है। कुपोषित बच्चों की समय से पहचान कर उनका इलाज दो स्तर पर किया जा सकता है। ऐसे कुपोषित बच्चे जिन्हें केवल शारीरिक कमजोरी है लेकिन चिकित्सकीय समस्या नहीं है संवर्धन कार्यक्रम के तहत उनका इलाज समुदाय स्तर पर संचालित टीकाकरण केंद्र, आंगनबाड़ी केंद्र में आवश्यक जानकारी और चिकित्सकीय सहायता प्रदान कर किया जा सकता है। लेकिन जो बच्चे अतिकुपोषित पाए जाते हैं उसे चिकित्सक द्वारा देखरेख कर इलाज कराया जाता है। ऐसे बच्चों को दोनों पैरों में गड्ढे पड़ने वाले सूजन (इडिमा), भूख लगने की कमी के साथ अन्य चिकित्सकीय जटिलता पाई जाती है। ऐसे बच्चों को बेहतर इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र या पोषण पुनर्वास केंद्र में चिकित्सकीय निगरानी में रखा जाता है। ऐसे बच्चों को चिह्नित करते हुए उन्हें समय पर इलाज उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य अधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया है जिससे कि समय से ऐसे बच्चों की पहचान कर उनका इलाज किया जा सके और कुपोषित बच्चों की मृत्यु को रोका जा सके। सामान्य बच्चों की तुलना में अतिकुपोषित बच्चा मृत्यु दर नौ गुना अधिक : फूड डाइटीशियन रानी गुप्ता ने बताया कि सामान्य बच्चों की तुलना में गंभीर अतिकुपोषित बच्चों की मृत्यु का खतरा नौ गुना अधिक होता है। 100 में 80-85 प्रतिशत ऐसे कुपोषित बच्चे पाए जाते हैं जिनका चिकित्सकीय सहायता समुदाय स्तर पर किया जा सकता है। 10-15 प्रतिशत बच्चों को ही पोषण पुनर्वास केंद्र भेजने की जरूरत होती है। ऐसे बच्चों की समय से पहचान कर उनका इलाज करने से कुपोषण के कारण होने वाले बच्चों की मृत्यु को खत्म किया जा सकता है।
