पंचायत स्तरीय जन संवाद में विभिन्न योजनाओं की दी गई जानकारी ।
तनवीर आलम (हसनगंज)
हसनगंज प्रखंड में शनिवार को जगरनाथपुर पंचायत अंतर्गत हसनगंज थाना प्रांगण में पंचायत स्तरीय जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मौके पर कार्यक्रम की अध्यक्षता बीडीओ रितेश कुमार व मुखिया रीना देवी ने संयुक्त रुप से की। मौके पर राज्य सरकार की संचालित विभिन्न लोक कल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं के संबंध में आमजनों को जानकारी प्रदान करने एवं सुझाव प्राप्त करने के उद्देश्य से जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न विभागों के प्रखंड स्तरीय पदाधिकारीगण उपस्थित होकर आम जनों को सभी योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हुए योजनाओं के लाभ के बारे में बताया। मौके पर स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री निश्चय एवं स्वयं सहायता भत्ता योजना, कुशल युवा कार्यक्रम, भूमि सुधार विभाग सहित जीविका अंतर्गत जीविका समूह के कार्यों खासकर जीविका दीदियों कार्यों के संबंध में चर्चा की गई। साथ ही कृषि विभाग तहत किसानों को कृषि संबंधित योजनाएं पर विस्तार रूप से चर्चा की गई। मौके पर प्रखंड स्तरीय सभी विभागों की अगुवाई में लोगों की जन समस्याओं को सुनने के लिए स्टॉल लगाए गए थे। जहां लोग पहुंच कर अपनी जन समस्याओं को रखा और उनके निदान की जानकारी हासिल की। जन संवाद कार्यक्रम में प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों से लोग पहुंचकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करते हुए लाभ उठाया। इस अवसर पर कार्यक्रम का मंच संचालन पूर्व पंचायत समिति प्रतिनिधि सदानंद तिर्की ने बखूबी रूप से निभाया। इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख नीलू देवी, सीओ उदय प्रसाद, पीओ संजीत कुमार, बीसीओ अमरेन्द्र कुमार गुप्ता, पूर्व प्रमुख मनोज मंडल, पंचायत समिति सदस्य मो अजीमुद्दीन, पैक्स अध्यक्ष राधा उरांव, समाजसेवी हृदय नारायण उरांव, समाज सेवी गौतम कुमार सहित प्रखंड स्तरीय व पंचायत स्तरीय पदाधिकारीगण व कर्मीगण आदि मौजूद रहे।
