जनसुराज प्रत्याशी बबलु सोरेन का मनसाही में भव्य स्वागत, बोले– जनता का आशीर्वाद मिला तो पलायन, शिक्षा और बाढ़ कटाव से दिलाएंगे राहत
मनिहारी (रतन कुमार ओझा)
जनसुराज पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी बबलु सोरेन का बुधवार को मनिहारी विधानसभा क्षेत्र के सीमा क्षेत्र मनसाही पहुंचने पर सैकड़ों समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया और “बबलु सोरेन जिंदाबाद”, “जनसुराज पार्टी जिंदाबाद” जैसे नारे लगाकर माहौल को उत्साह से भर दिया। इसके बाद वे अपने आवास फुलहरा पंचायत पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित किया।बबलु सोरेन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि संगठन के साथ विचार-विमर्श कर नामांकन की तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने मनिहारी विधानसभा के लिए एक गरीब परिवार के बेटे को मौका दिया है, जिसके लिए वे उनके आभारी हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने यदि आशीर्वाद दिया तो वे जनसुराज के उस सपने को साकार करेंगे, जिसमें पलायन, शिक्षा व्यवस्था और बाढ़ कटाव जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान प्राथमिकता में है।उन्होंने कहा कि जनसुराज का उद्देश्य सिर्फ चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता को सशक्त बनाना और व्यवस्था में आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में मौजूद कोर कमेटी के सदस्य सैफ अली खान ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बबलु सोरेन के हाथों को मजबूत करें और घर-घर जाकर जनसुराज के संदेश को पहुंचाएं।सैफ अली ने कहा कि मनिहारी विधानसभा के मतदाता जनसुराज को आशीर्वाद देकर थाना, अंचल और प्रखंड कार्यालयों में व्याप्त दलाली और मनमानी से निजात दिलाने में अपनी हिम्मत दिखाएं। कार्यक्रम में अनुमंडल अध्यक्ष संजीव कुमार देव, महिला अध्यक्ष सुधा झा, युवा अध्यक्ष चंदन साह, पंकज पासवान, अजीत सिंह, गणेश पासवान, रंजीत पासवान सहित सैकड़ों ग्रामीण और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
