September 23, 2026

हसनगंज में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया करमा-धरमा पर्व

Read Time:2 Minute, 7 Second

डेस्क (हसनगंज)

हसनगंज प्रखंड अंतर्गत ढेरुआ, बलुआ, रामपुर, जगरनाथपुर और कालसर पंचायत के विभिन्न गांवों में पारंपरिक करमा-धरमा पूजा श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित की गई। एकादशी के अवसर पर आयोजित इस पूजा को लेकर गांवों में दिनभर उत्साह का माहौल बना रहा। पूजा-अर्चना में शामिल महिलाओं ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी करमा-धरमा पर्व पर विधि-विधान के साथ पूजा की गई। इस पर्व में बहनें अपने भाइयों की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना को लेकर व्रत रखती हैं।करमा पूजा की विशेष परंपरा जावा से जुड़ी है। इसमें सात प्रकार के अनाज को मिलाकर अंकुर उगाया जाता है। इसके बाद करम वृक्ष की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार, समाज और पूरे गांव की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की जाती है। शाम होते ही पूजा स्थलों पर ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी। महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना की। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का दौर शुरू हुआ। मंदार की थाप और करमा गीतों की गूंज के बीच युवा-युवतियां पारंपरिक नृत्य करते नजर आए। करमा गीत और नृत्य से गांवों का माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया। देर शाम तक पूजा स्थलों पर लोगों की आवाजाही बनी रही। पारंपरिक संस्कृति और रीति-रिवाजों के साथ मनाए गए इस पर्व ने ग्रामीणों को अपनी लोक परंपराओं से जोड़े रखा।

Previous post विभागीय लापरवाही व अनदेखी से महमदिया वार्ड संख्या 14 के लोगों में आक्रोश
Next post आजमनगर में सांप के डसने से बच्चे की हालत गंभीर, सदर अस्पताल रेफर
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial