कटिहार एसपी की अनूठी रणनीति: अपराध नियंत्रण के लिए गंगा नदी पर हुई समीक्षा बैठक।
मनिहारी (रतन कुमार ओझा)
कटिहार जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने एक अनूठी पहल की है। उन्होंने गंगा नदी पर एक विशेष चलंत जलीय जहाज पर जिला स्तरीय अपराध नियंत्रण बैठक मंगलवार को आयोजित की। इस पहल ने पुलिस प्रशासन में नई ऊर्जा का संचार किया है और जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश दिया है।इस बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में बढ़ते अपराधों पर रोक लगाना और अपराधियों पर कड़ी नजर रखने के लिए नई रणनीतियों का निर्माण करना था। एसपी ने जिले के सभी एसडीपीओ और थाना प्रभारियों को एकजुट कर हाल के अपराध मामलों की गहन समीक्षा की और लंबित कांडों के शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए।बैठक के दौरान एसपी वैभव कुमार ने अपराध नियंत्रण के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव और निर्देश दिए। जिसमें पुलिस अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में गश्त तेज करने और अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने के लिए कहा गया। स्थानीय नागरिकों के सहयोग से अपराधियों की धरपकड़ सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। गंगा नदी के किनारे और सीमावर्ती इलाकों में अवैध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस बल को सतर्क रहने का आदेश दिया गया। थाना प्रभारियों को लंबित मामलों को शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए गए।एसपी ने बैठक में अधिकारियों को नागरिकों के साथ बेहतर संबंध स्थापित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच तालमेल से ही अपराध मुक्त समाज का निर्माण संभव है।इस विशेष बैठक से यह संदेश दिया गया कि अपराधियों के खिलाफ कोई भी ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसपी ने आपसी समन्वय और त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस बल को पूरी मुस्तैदी के साथ काम करना होगा।कटिहार में गंगा नदी पर आयोजित यह विशेष अपराध नियंत्रण बैठक, एसपी वैभव शर्मा के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह पहल जिले में कानून-व्यवस्था को सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। बहरहाल इस बैठक ने न केवल अपराध नियंत्रण की नई रणनीतियों को जन्म दिया, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास को भी मजबूत किया। ऐसी अनूठी पहल न केवल जिले में अपराध को रोकने में मददगार साबित होगी, बल्कि अन्य जिलों के लिए भी एक प्रेरणा बनेगी।
