June 10, 2026

सांसद ने कटिहार रेल से जुड़ी समस्याओं को लेकर पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक को लिखा पत्र

Read Time:3 Minute, 49 Second

प्रवीण कुमार(कटिहार)

सांसद तारिक अनवर ने कटिहार रेल से जुड़ी समस्याओं को लेकर पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक श्री चेतन कुमार श्रीवास्तव को पत्र लिखकर उसके समाधान करने की दिशा में अविलंब ठोस पहल करने का आग्रह किया है। जीएम को लिखे पत्र में सांसद श्री अनवर ने कहा है कि कटिहार संसदीय क्षेत्र अंतर्गत शहर के प्रमुख स्थल मंगल बाजार (शहीद चौक – जीआरपी चौक के बीच) से सिटी बुकिंग ऑफिस पार्सल गोदाम तक रोड ओवर ब्रिज आरओबी का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। इस दिशा में साकारात्मक पहल किया जाए। साथ ही सांसद ने जीएम को लिखे पत्र में यह भी कहा है कि पुराना बाटा चौक मंगल बाजार से संग्राम चौक संतोषी मंदिर तक सड़क , नाले का निर्माण और चौड़ीकरण किया जाना अत्यंत जरूरी है। इस दिशा में भी ठोस पहल करने की आवश्यक है। ताकि आमलोगों को आवाजाही में हो रही परेशानी से छुटकारा मिल सके। उन्होंने पुराना मॉडल स्टेशन भवन कटिहार के जीर्णोद्धार करने की मांग भी की है। कांग्रेस के जिला प्रवक्ता पंकज कुमार तमाखुवाला ने यह जानकारी देते हुए बताया कि सांसद श्री अनवर ने पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक श्री चेतन कुमार श्रीवास्तव को एक अन्य पत्र लिखकर कटिहार संसदीय क्षेत्र अंतर्गत कटिहार शहर के विभिन्न रेलवे फाटकों पर रेलवे ओवर ब्रिज या अंडरपास बनाने की मांग की है। उन्होंने जीएम को लिखे पत्र में कहा है कि रेलवे फाटक पर अंडरपास या रेलवे ओवरब्रिज नहीं होने की वजह से हमेशा जाम की समस्या बनी रहती है। जिससे आम जनमानस को घंटो रेलवे फाटक के खुलने का इंतजार करना पड़ता है। जिससे समय की बर्बादी होती है तथा कई अत्यंत महत्वपूर्ण काम भी बाधित होता है। उन्होंने जनहित को ध्यान में रखते हुए संबंधित रेलवे फाटक पर रेलवे ओवर ब्रिज या अंडरपास बनाने की दिशा में ठोस पहल करने का आग्रह किया है। जीएम को लिखे पत्र में सांसद ने कटिहार-तेजनारायणपुर रेलखंड के केटी वन एफसीआई गेट रोड पर रेलवे ओवर ब्रिज या अंडरपास बनाने की मांग की है। साथ ही सांसद ने जीएम को लिखे पत्र में कटिहार कुमेदपुर रेलखंड के केके वन ए, इसी रेलखंड के केके टू व केके थ्री रेलवे गुमटी पर भी रेलवे ओवर ब्रिज या अंडरपास बनाने की दिशा में ठोस पहल करने का आग्रह किया है. सांसद श्री अनवर ने रेलवे महाप्रबंधक श्री श्रीवास्तव से अनुरोध करते हुए कहा कि प्राथमिकता के आधार पर इन कार्यों पर त्वरित कार्रवाई की जाए। ताकि कटिहार के आमजनमानस को इसका लाभ मिल सके।

Previous post आज आयोजित होगी कटिहार में राष्ट्रीय लोक अदालत तैयारी पूरी
Next post कृषि भवन में हैंडीक्राफ्ट से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial