बिघौर पंचायत भवन में सहयोग शिविर आयोजित, कई मामलों का ऑन द स्पॉट निपटारा
मो0 सनाउल्लाह (बारसोई)
बारसोई प्रखंड अंतर्गत बिघौर पंचायत भवन में मंगलवार को बिहार सरकार की पहल के तहत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य पंचायत स्तर पर ग्रामीणों की लंबित समस्याओं और मामलों का संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में त्वरित एवं ऑन द स्पॉट निपटारा करना था।सहयोग शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं पंचायतवासी पहुंचे और अपनी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। लोगों ने विभिन्न मामलों को लेकर आवेदन भी दिए। शिविर में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे, जिनके द्वारा कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया।शिविर का उद्घाटन अनुमंडल पदाधिकारी राजू कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी चंदन प्रसाद, बारसोई प्रखंड प्रमुख मोहम्मद जिन्ना, बिघौर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मुजफ्फर हुसैन तथा बलरामपुर विधायक प्रतिनिधि सागर साह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी राजू कुमार ने कहा कि जिन मामलों का निपटारा शिविर में तत्काल नहीं हो सका है, उनका निर्धारित प्रक्रिया के तहत 30 दिनों के अंदर निपटारा कराने का प्रयास किया जाएगा। अगर मामले के समाधान में लापरवाही बरती जाती है, तो संबंधित विभाग या पदाधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।हालांकि, शिविर में पहुंचे कुछ ग्रामीणों ने अपनी पुरानी समस्याओं को लेकर निराशा भी जताई। ग्रामीणों का कहना था कि वे वर्षों से विभिन्न मामलों को लेकर प्रखंड, अनुमंडल और न्यायालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। ऐसे में एक दिवसीय शिविर में लंबित मामलों के समाधान को लेकर उनके मन में संशय भी बना हुआ था। मुखिया प्रतिनिधि मुजफ्फर हुसैन ने सहयोग शिविर को सरकार की अच्छी पहल बताते हुए कहा कि इस तरह के शिविर से ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिलता है।विधायक प्रतिनिधि सागर साह ने भी सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि एक ही मंच पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी से ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो रहा है।
