अतिक्रमण को लेकर सरकार आयी रुख सख्त , मुख्य पार्षद ने प्रशासन से दुकानदारों को समय देने का रखा मांग।
बरारी (सुमन सोनी)
बरारी प्रखंड अन्तर्गत बरारी हाट पर रोजाना सड़क जाम और अतिक्रमण की बढ़ती समस्या को देखते हुए प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। गृह मंत्री सम्राट चौधरी के स्पष्ट निर्देश के बाद बरारी नगर पंचायत क्षेत्र के बरारी हाट में अतिक्रमण हटाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। बाजार में रोज़ लगने वाले जाम और सरकारी भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे को लेकर प्रशासन जल्द बुलडोज़र चलाने की तैयारी में है।बरारी हाट क्षेत्र में कई वर्षों से सड़क किनारे अवैध रूप से किए गए निर्माण और दुकानों के फैलाव के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जाम की समस्या इतनी गंभीर हो चुकी है कि रोजाना बाजार क्षेत्र में घंटों तक आवागमन बाधित रहता है। इसी स्थिति को देखते हुए गृह मंत्री के आदेश के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है और अतिक्रमण हटाने का अभियान प्रारंभ कर दिया गया है।प्रशासन का कहना है कि यदि दुकानदार नोटिस जारी होने से पहले ही स्वेच्छा से अपने-अपने दुकान और कब्जे को हटा लेते हैं, तो कड़ी कार्रवाई की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। सड़क के दोनों ओर सरकारी जमीन को पूरी तरह खाली कराना अब प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि बाजार में सुचारू रूप से यातायात बहाल हो सके और आम लोगों को राहत मिल सके।स्थानीय लोगों ने भी स्वीकार किया कि बरारी हाट में प्रतिदिन भारी भीड़ होती है, जिसके कारण जाम लगना सामान्य हो चुका है। ऐसे में अतिक्रमण हटाने के बाद बाजार का स्वरूप बदलने और लोगों को लंबे समय से राहत मिलने की उम्मीद है।इधर, बरारी नगर पंचायत की मुख्य पार्षद बबीता कुमारी यादव ने जिला प्रशासन तथा स्थानीय प्रशासन से अपील की है कि दुकानदारों को स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने के लिए कुछ दिनों का समय दिया जाए। उन्होंने कहा कि दुकानदार स्वयं ही अपने-अपने दुकानों को सड़क किनारे की सरकारी जमीन से हटा लेंगे, जिससे जबरन कार्रवाई की नौबत नहीं आएगी।मुख्य पार्षद ने बताया कि नगर पंचायत कार्यालय एक सप्ताह के भीतर अतिक्रमण हटाने संबंधी नोटिस जारी करने की तैयारी में जुटा हुआ है। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे जल्द से जल्द अपने अतिक्रमण को स्वयं हटाकर प्रशासन का सहयोग करें।अगले कुछ दिनों में बरारी हाट में बड़े पैमाने पर बदलाव की शुरुआत होने के संकेत मिल रहे हैं।
