जीवन रक्षक दवा जलाने के मामले पर विभागीय स्तर पर गठित टीम ने किया जांच ।
तनवीर आलम (हसनगंज)
हसनगंज प्रखंड स्थित अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र महमदिया में जीवन रक्षक दवा जलाने का वायरल वीडियो के मामले पर जिला पदाधिकारी उदयन मिश्रा के निर्देश पर तीन सदस्यीय जांच टीम गठित कर पूरे मामले का जांच करने का आदेश दिया। उक्त आदेश पर कटिहार सिविल सर्जन डॉ जितेंद्र नाथ सिंह के आदेश पर जांच टीम में गैर संचारी रोग पदाधिकारी डॉ आर सुमन, औषधि निरीक्षण कृष्णा कुमारी व जिला मलेरिया प्रभारी जयप्रकाश सिंह के नेतृत्व में जांच दल महमदिया अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र पहुंच हसनगंज पीएससी प्रभारी डॉक्टर आरसी ठाकुर के समक्ष एक्सपायरी दवाओं का मिलान किया गया। अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र महमदिया में जो दवा बरामद की गई उसका रिपोर्ट बनाकर जिला पदाधिकारी को देने की बात कही गई। जांच में पहुंचे अधिकारियों ने बारी-बारी से पुरी स्वास्थ्य केंद्र की विधि व्यवस्था की जांच की। साथ ही दवा जले जगह पर पहुंच जली दवाई को देखा गया। मौके पर गठित टीम ने बंद कमरे में रखे दवाई को देख उसका मिलान किया गया। बता दें कि 10 जुलाई 2018 को डॉ आरसी ठाकुर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हसनगंज का प्रभारी बनाया गया है। जिनके कार्यकाल के दौरान अस्पताल पहुंची दवाई एक्सपायरी होकर महमदिया अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र के बंद कमरे में रखी पाई गई। साथ ही जांच टीम ने अस्पतालों में आग पर काबू पाने के लिए लगे अग्निशामक यंत्र को देखा। जिसमें अग्निशामक यंत्र भी एक्सपायर पाई गई। जांच टीम ने दवाई में आग लगाई गई जगह पर पहुंचकर दवा के कुछ सैंपल को भी जप्त किया है। खास तौर पर अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदिया में मरीजों को अस्पताल तक लाने के लिए स्ट्रक्चर तक की व्यवस्था नहीं देखी गई। बता दें कि जीवन रक्षक दवाई जलाई जाने का वायरल वीडियो को लेकर पूरे क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग के प्रति आक्रोश का माहौल व्याप्त है। जिसको लेकर जिला पदाधिकारी के आदेश पर गठित टीम ने अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र महमदिया पहुंच सभी बिंदुओं पर सघन जांच की। बताया जांच रिपोर्ट जिला पदाधिकारी को पेश किए जाएंगे। इस अवसर पर डाक्टर अरुण कुमार, स्वास्थ्य प्रबंधक धनंजय कुमार, रोगी कल्याण समिति के सदस्य राकेश कुमार श्रीवास्तव सहित स्वास्थ्य कर्मी आदि थे।
