June 20, 2026

कुशल युवा कार्यक्रम के तहत 10 छात्रों को मिला सर्टिफिकेट, मेडल देकर किया गया सम्मानित

Read Time:2 Minute, 59 Second

कुर्सेला (राजशेखर जयसवाल)

प्रखंड के पूर्वी मुरादपुर पंचायत भवन में मंगलवार को कुशल युवा कार्यक्रम के अंतर्गत संजीवनी परिवार द्वारा प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत की मुखिया अर्चना कुमारी ने की।इस अवसर पर कुशल युवा कार्यक्रम का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले 10 विद्यार्थियों को सर्टिफिकेट एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुखिया अर्चना कुमारी ने कहा कि आज लड़कियां किसी भी क्षेत्र में लड़कों से पीछे नहीं हैं और हर क्षेत्र में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में केवल शैक्षणिक डिग्री पर्याप्त नहीं है, बल्कि तकनीकी एवं व्यावहारिक कौशल होना भी आवश्यक है, तभी युवा अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं।सेंटर कोऑर्डिनेटर विकास कुमार झा ने बताया कि कुशल युवा कार्यक्रम के अंतर्गत तीन माह का प्रशिक्षण दिया जाता है, जिसमें नामांकन शुल्क मात्र एक हजार रुपये है। कोर्स पूर्ण होने के बाद यह राशि पुनः प्रशिक्षार्थियों के खाते में वापस कर दी जाती है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के तहत तीन कोर्स संचालित किए जाते हैं। बिहार स्टेट सर्टिफिकेट इन इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, बिहार स्टेट सर्टिफिकेट इन कम्युनिकेशन स्किल्स तथा बिहार स्टेट सर्टिफिकेट इन सॉफ्ट स्किल्स।उन्होंने कहा कि इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को बौद्धिक, तकनीकी एवं कंप्यूटर शिक्षा प्रदान की जाती है, जिससे वे भविष्य में बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि वर्तमान दौर में स्किल डेवलपमेंट के बिना शैक्षणिक प्रमाण पत्र अधूरा माना जाता है।कार्यक्रम में एलएफ राजेश रंजन झा, संजीव कुमार, प्रणव कुमार, चंदन कुमार, संतोष कुमार, शेखर कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Previous post देसी महुआ शराब का किया गया विनष्टीकरण।
Next post मनिहारी में ईंट-भट्ठों पर जागरूकता अभियान, चार ट्रैक्टर जब्त, अवैध खनन पर कड़ी कार्रवाई
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial