कुर्सेला-बिहारीगंज रेल लाइन सर्वे शुरू, ड्रोन सर्वे देख लोगों में उमंग। ड्रोन आसमान में उड़ते ही देखने को लगी लोगों की मौके पर भीड़।
कुर्सेला (राजशेखर जयसवाल)
वर्षों से अटकी पड़ी कुर्सेला-बिहारीगंज नई रेल लाइन परियोजना अब धरातल पर उतरने लगी है। जैसे ही इस परियोजना का सर्वे कार्य शुरू हुआ, क्षेत्र के लोगों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। शुक्रवार को कोलकाता से आई रेलवे इंजीनियरों की टीम ने दूसरे दिन कुर्सेला रेलवे स्टेशन से ड्रोन के जरिए पूरे क्षेत्र का सर्वेक्षण किया। इस दौरान ड्रोन उड़ते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और सर्वे की प्रक्रिया को देखने लगे। बताया गया कि ड्रोन के माध्यम से पूरे इलाके की बारीकी से वीडियोग्राफी और एनालिसिस किया जा रहा है, ताकि जमीन की वास्तविक स्थिति, ट्रैक निर्माण के संभावित अवरोध और अन्य तकनीकी पहलुओं का सही आकलन किया जा सके। यह सर्वे कुल 15 दिनों तक चलेगा और कुर्सेला से बिहारीगंज तक की पूरी रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय को सौंपी जाएगी।लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस रेल लाइन का सपना वे कई वर्षों से देख रहे थे। लंबे इंतजार के बाद अब जाकर उन्हें उम्मीद की किरण दिखाई दी है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पहले तो लग रहा था कि यह परियोजना केवल कागजों तक सीमित रह जाएगी, लेकिन ड्रोन सर्वे शुरू होते ही उन्हें विश्वास हो गया कि अब यह सपना सच होगा।रेल लाइन बनने से न केवल कुर्सेला और बिहारीगंज के बीच आवागमन आसान होगा, बल्कि आसपास के क्षेत्रों को भी सीधा लाभ मिलेगा। स्थानीय व्यापार, शिक्षा और रोजगार के नए अवसर खुलने की उम्मीद जताई जा रही है। लोगों के चेहरों पर मुस्कान और उत्साह इस बात का संकेत है कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
