June 26, 2026

बरारी कृषि कार्यालय में बीज वितरण नही करने को लेकर किसानों ने किया हंगामा

Read Time:2 Minute, 57 Second

बरारी (सुमन सोनी )

बरारी प्रखंड के कृषि कार्यालय परिसर में शनिवार को मसूर के बीज वितरण में भारी अव्यवस्था और देरी को लेकर किसानों का आक्रोश फूट पड़ा। सुबह पाँच बजे से लाइन में लगे किसानों को दोपहर बाद तक भी बीज वितरण शुरू न होने पर किसानों ने जमकर हंगामा किया। कृषि कार्यालय परिसर में देखते ही देखते भारी भीड़ उमड़ पड़ी और मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।जानकारी के अनुसार मसूर बीज वितरण की सूचना मिलते ही किसान सुबह चार–पाँच बजे से ही कृषि कार्यालय पहुँचने लगे थे। लेकिन निर्धारित समय पर प्रक्रिया शुरू नहीं होने और विभागीय कर्मियों द्वारा सही तरीके से लाइन व्यवस्थित न कराने से किसान परेशान हो गए। किसानों की मांग थी कि बीज के लिए ऑनलाइन आवेदन की रसीद लेकर नाम पुकार कर क्रमवार आवंटन किया जाए, ताकि कोई भी किसान वंचित न रहे। लेकिन विभाग की ओर से इस व्यवस्था को लागू नहीं किया गया।सुबह 10 बजे के बाद जब किसानों की भीड़ और बढ़ी और वितरण में लगातार देरी होती रही, तो किसानों का सब्र जवाब दे गया। मौके पर मौजूद किसान मोहम्मद शरिफूल, मोहम्मद जोहर अली, मोहम्मद तनवीर आलम, चंद्रमोहन सिंह सहित कई किसानों ने आरोप लगाया कि विभाग जानबूझकर लापरवाही कर रहा है, ताकि किसान मजबूर होकर बाजार से महंगे दर पर बीज खरीदें।हंगामे की सूचना मिलते ही बरारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी चंद्रभूषण पासवान मौके पर पहुँचे और किसानों को समझा-बुझाकर स्थिति को सामान्य किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी किसानों को नियमानुसार बीज उपलब्ध कराया जाएगा और वितरण प्रक्रिया में सुधार किया जाएगा।किसानों की भीड़ और नाराजगी को देखते हुए कृषि कार्यालय परिसर में कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण बनी रही, लेकिन पदाधिकारी द्वारा हस्तक्षेप के बाद माहौल शांत हो गया। मामले को लेकर किसानों ने विभाग से पारदर्शी और समयबद्ध बीज वितरण की मांग की है।

Previous post भूमि विवाद में एक मामले का हुआ निष्पादन सीईओ अनुपम
Next post उत्क्रमित मध्य विद्यालय बर्मा रिफ्यूजी कॉलोनी में अभिभावक शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial