August 18, 2026

पैरों से लिखकर किस्मत संवार रही लक्ष्मी से मिले सांसद तारिक अनवर, हरसंभव सरकारी मदद का दिया भरोसा

Read Time:3 Minute, 4 Second

(डेस्क | हसनगंज)

हसनगंज प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय भतोरिया में पढ़ने वाली दोनों हाथों से दिव्यांग 12 वर्षीय छात्रा लक्ष्मी कुमारी से मिलने सोमवार को सांसद तारिक अनवर विद्यालय पहुंचे। जन्म से ही दोनों हाथ नहीं होने के बावजूद लक्ष्मी अपने हौसले, जज्बे और मेहनत के दम पर पैरों के सहारे लिखकर पढ़ाई कर रही है। लक्ष्मी की लगन और संघर्ष को देखकर सांसद ने उसकी हौसला अफजाई की और हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिया। इस दौरान उन्होंने लक्ष्मी को स्कूली बैग समेत लेखन एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री उपहार स्वरूप भेंट की। भतोरिया गांव की रहने वाली लक्ष्मी कुमारी अपनी शारीरिक चुनौती को कभी अपनी पढ़ाई और सपनों के आड़े नहीं आने देती। वह पैरों के सहारे कॉपी पर लिखती है, किताबें पढ़ती है और रोजमर्रा के कई जरूरी काम खुद करने का प्रयास करती है। पढ़ाई के प्रति उसकी लगन और आत्मविश्वास ने उसे आसपास के लोगों के लिए प्रेरणा बना दिया है।लक्ष्मी के परिवार की आर्थिक स्थिति भी काफी कमजोर बताई जाती है। उसके पिता रामदेव यादव ईंट-भट्ठे में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मां रेणु देवी ने बताया कि उनकी बेटी पढ़ाई को लेकर काफी गंभीर है। वह आगे चलकर शिक्षिका बनना चाहती है। परिवार अपनी सीमित आर्थिक क्षमता के बावजूद बेटी की पढ़ाई में पूरा सहयोग करने का प्रयास करता है, लेकिन आर्थिक परेशानी के कारण उसकी कई जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो जाता है। विद्यालय पहुंचकर सांसद तारिक अनवर ने लक्ष्मी से मुलाकात की और उसके पढ़ाई करने के तरीके को देखकर उसके हौसले की सराहना की। उन्होंने कहा कि दोनों हाथ नहीं होने के बावजूद लक्ष्मी जिस आत्मविश्वास के साथ पैरों से लिखकर पढ़ाई कर रही है, वह उसके मजबूत इरादे और संघर्ष की मिसाल है। शारीरिक चुनौतियों के बावजूद शिक्षा के प्रति उसका समर्पण अन्य बच्चों को भी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने का संदेश देता है। इस अवसर पर कांग्रेस नेता सुनील यादव, दिलीप विश्वास, समाजसेवी प्रेम पोद्दार सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Previous post फलका में बड़ा हादसा: कमला नदी में डूबे सात बच्चे, तीन की मौत
Next post हसनगंज में तीसरी सोमवारी पर भारीडीह शिव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब।
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial