October 20, 2026

सिरसा में कैरियर पॉइंट पुस्तकालय सह स्वयं अध्ययन केंद्र का शुभारंभ

Read Time:2 Minute, 58 Second

डेस्क(हसनगंज)

कटिहार जिले के सिरसा एचपी पेट्रोल पंप के समीप कैरियर पॉइंट पुस्तकालय सह स्वयं अध्ययन केंद्र का शुभारंभ किया गया। पूर्व केंद्रीय मंत्री भारत सरकार निखिल कुमार चौधरी, सेवानिवृत्त प्रखंड कृषि पदाधिकारी लीलानंद झा, अनिल चौधरी, टनटन ठाकुर एवं दिनेश मोहन ठाकुर सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया। पुस्तकालय में छात्र-छात्राओं के लिए संपूर्ण वाई-फाई सुविधा के साथ वातानुकूलित अध्ययन कक्ष की व्यवस्था की गई है। इससे विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं एवं अन्य शैक्षणिक तैयारियों के लिए बेहतर वातावरण मिल सकेगा। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री निखिल कुमार चौधरी ने कहा कि पुस्तकालय वह स्थान है, जहां विद्यार्थी पुस्तकों का अध्ययन कर अपने ज्ञान में वृद्धि कर सकते हैं। वर्तमान वैज्ञानिक युग में समय के साथ अध्ययन के तौर-तरीकों में भी बदलाव आया है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से पुस्तकों का अध्ययन करने की अपील की। साथ ही कैरियर पॉइंट पुस्तकालय के संचालक नमित कुमार कश्यप को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामना दी। सेवानिवृत्त प्रखंड कृषि पदाधिकारी लीलानंद झा ने कहा कि पुस्तकालय में बच्चों को शिक्षा से संबंधित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन का माहौल उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी पढ़ाई पूरी कर माता-पिता एवं समाज का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के लिए सुनहरा अवसर है। यहां तैयारी कर विद्यार्थी विभिन्न विभागों की प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होकर अपनी मंजिल हासिल कर सकते हैं। मौके पर अमित कश्यप, दिनेश चौहान, अमन यादव, अभिषेक झा, नीरज श्रीवास्तव, कृष्ण झा, बृजेंद्र झा, धनंजय झा, सिकंदर शाह, राजू यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Previous post बारसोई में जुलूस-ए-मोहम्मदी के जरिए भाईचारे और सद्भाव का पैगाम
Next post आबादपुर में गांजा के अवैध कारोबार का खुलासा, 14.646 किलो गांजा के साथ एक गिरफ्तार
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial