बारसोई बीडीओ ने हरनारोई पंचायत का किया निरीक्षण
बिहार सरकार व जिला प्रशासन के निर्देश के आलोक में तय निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रियंका कुमारी गुरुवार को बारसोई प्रखंड स्थित हरनारोई पंचायत में निरीक्षण को पहुंची। इस अवसर पर बीडीओ ने हरनारोई पंचायत में संचालित विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं का एक-एक कर स्थलीय जांच किया। उन्होंने पंचायत में चल रहे नल-जल योजना, मनरेगा योजना, आवास योजना, जन वितरण प्रणाली योजना एवं बंद पड़े पंचायत सरकार भवन का बारीकी से निरीक्षण किया। मौके पर पंचायत वासियों ने बीडीओ से अधिकांश पंचायत क्षेत्र में नल-जल योजना के पूरी तरह से फ्लॉप रहने तथा उक्त योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की। लोगों ने बताया कि पंचायत क्षेत्र स्थित विभिन्न वार्डों में संवेदक की उदासीनता के चलते नल-जल योजना का कार्य अब तक पूरा नहीं हो पाया है। पंचायत के सैकड़ों घरों में अब तक लोग इस महत्वाकांक्षी योजना के लाभ नहीं मिल रहा हैं। आधे से अधिक पंचायत वासी दूषित जल के सेवन को विवश हैं। पंचायत वासियों की शिकायत पर उक्त योजना का स्थलीय जांच करते हुए बीडीओ ने संबंधित विभाग को लिखने तथा जल्द ही उक्त योजना का लाभ समस्त पंचायत वासियों को उपलब्ध कराने की बात कही। बीडीओ ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवंटित आवासों के ऐसे लाभुक जिन्होंने राशि उठाव के बावजूद आवास का निर्माण नहीं किया है उनसे अविलंब निर्माण कार्य शुरू करने का सख्त निर्देश दिया। इस दौरान जिप सदस्य गुलजार अली एवं ग्रामीणों ने उक्त पंचायत में पिछले कई महीनों से बंद पड़े पंचायत सरकार भवन निर्माण कार्य के बारे में बीडीओ का ध्यान आकृष्ट कराया। इस संबंध में जिप सदस्य ने बताया कि उक्त पंचायत सरकार भवन निर्माण कार्य की कुल स्वीकृत राशि 1,24,34,900 रुपये है। जिप सदस्य ने जानकारी दी कि राशि का उठाव तो कर लिया गया है परंतु निर्माण कार्य आधा-अधूरा व महीनों से बंद पड़ा हुआ है। इसको लेकर ग्रामीणों में बेहद आक्रोश देखी गयी।

इस अवसर पर पंचायत के मुखिया बेलाल कादरी, पंसस शाहजहां ,असारुल हक सहित सभी वार्ड सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
आबादपुर से नौशाद अंसारी
