चापाखोर में जन सहयोग शिविर में उमड़ा जनसैलाब, सैकड़ों फरियादियों ने सौंपे आवेदनविधायक संगीता देवी, SDO राजू कुमार व BDO चंदन प्रसाद ने किया शिविर का उद्घाटन, समस्याओं के समयबद्ध समाधान का दिया भरोसा
मो0 सनाउल्लाह (बारसोई)
बारसोई के पंचायत चापाखोर में मंगलवार को आयोजित जन सहयोग शिविर में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे। शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि बलरामपुर विधायक श्रीमती संगीता देवी, बारसोई अनुमंडल पदाधिकारी राजू कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी चंदन प्रसाद सहित जनप्रतिनिधियों एवं पंचायतवासियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।शिविर को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती संगीता देवी ने कहा कि जन सहयोग शिविर मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी की महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य गरीब, पिछड़े एवं जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को उनके क्षेत्र में ही सुनकर उनका समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन शिविर में जरूर दें। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में यदि किसी पात्र परिवार का नाम नहीं आया है, तो वे मुख्यमंत्री आवास योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जनता की समस्या के समाधान के लिए उनका कार्यालय एवं आवास हमेशा खुला है।SDO राजू कुमार ने कहा कि जन सहयोग शिविर सरकार की महत्वाकांक्षी पहल है। शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर कार्रवाई करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मियों को दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी आवेदन को नजरअंदाज किया गया या अनावश्यक रूप से लंबित रखा गया तो संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से विश्वास के साथ अपनी समस्याओं का आवेदन देने की अपील की। जिला परिषद सदस्य गुलजार आलम ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि शिविर में अपनी हर समस्या का आवेदन जरूर दें। उन्होंने विधायक एवं प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष क्षेत्र की बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं साफ-सफाई की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए इनके शीघ्र समाधान की मांग की।मुखिया श्रीमती हुस्ने आरा बेगम ने कहा कि शिविर को सफल बनाने के लिए उनके पति रमजान जी के साथ लगातार प्रचार-प्रसार एवं तैयारियां की गईं। इस शिविर में समिति सदस्य प्रदीप कुमार, सरपंच बहादुर, उपसरपंच जहांगीर, उपमुखिया सहित वार्ड सदस्य साबका खातुन, सपना राय, अख्तरी बेगम, हरिपद दास, सबिनुर खातुन बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
