August 30, 2026

फलका मुख्यालय स्थित कटरा में आधार केंद्र में मनमानी वसूली का वीडियो हुआ वायरल

Read Time:3 Minute, 4 Second

मो0 काजु (फलका)

फलका प्रखंड मुख्यालय स्थित कटरा आधार सेवा केंद्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद आधार सेवाओं के नाम पर कथित अवैध वसूली को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।वायरल वीडियो में आधार केंद्र पर मौजूद एक कर्मी द्वारा छोटे बच्चों का नया आधार कार्ड बनाने के लिए ₹200 शुल्क लेने की बात कही जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि केंद्र पर केवल नए आधार कार्ड ही नहीं, बल्कि नाम संशोधन, मोबाइल नंबर अपडेट समेत अन्य सेवाओं के लिए भी निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूली जा रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि केंद्र पर सरकार द्वारा निर्धारित शुल्क संबंधी कोई रेट लिस्ट प्रदर्शित नहीं की गई है। साथ ही, केंद्र पर कार्यरत कर्मियों की पहचान से जुड़ी जानकारी या नाम-पट्टिका भी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में आम लोगों को यह पता नहीं चल पाता कि उनसे ली जा रही राशि निर्धारित नियमों के अनुरूप है या नहीं।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आधार जैसी महत्वपूर्ण सरकारी सेवा के नाम पर गरीब, मजदूर और ग्रामीण परिवारों से मनमाने तरीके से पैसे लिए जा रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है और लोग प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से पूरे मामले की जांच कराने, आधार सेवाओं की निर्धारित शुल्क सूची सार्वजनिक करने तथा यदि आरोप सही पाए जाएं तो जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।हालांकि, इस मामले में संबंधित आधार सेवा केंद्र अथवा विभागीय अधिकारियों की ओर से खबर लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

( पब्लिक न्यूज 24 वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है)

Previous post बिजली की लचर व्यवस्था को लेकर जिला परिषद सदस्य गुलजार आलम ने विद्युत पदाधिकारी को सौंपा मांग पत्र
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial