August 31, 2026

बिजली की लचर व्यवस्था को लेकर जिला परिषद सदस्य गुलजार आलम ने विद्युत पदाधिकारी को सौंपा मांग पत्र

Read Time:3 Minute, 8 Second

मो0 सनाउल्लाह (बारसोई)

बारसोई प्रखंड अंतर्गत क्षेत्र संख्या 26 के जिला परिषद सदस्य गुलजार आलम शनिवार को क्षेत्र की बिजली व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को लेकर बारसोई अनुमंडल पहुंचे। उन्होंने विद्युत विभाग के वरीय पदाधिकारी से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया और एक मांग पत्र सौंपकर जल्द समाधान की मांग की।जिला परिषद सदस्य ने बताया कि उनके क्षेत्र में बिजली की व्यवस्था काफी लचर है। जगह-जगह ट्रांसफार्मर खराब पड़े हैं और कई ट्रांसफार्मर लंबे समय से जले हुए हैं। बार-बार ट्रांसफार्मर जलने की समस्या से भी ग्रामीण परेशान हैं। कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर तो ठीक हैं, लेकिन बिजली के तारों की स्थिति बेहद खराब है। वहीं, कहीं तार की समस्या नहीं है तो बिजली की आपूर्ति सुचारु रूप से नहीं हो रही है।इन तमाम समस्याओं को लेकर गुलजार आलम ने विद्युत पदाधिकारी को आवेदन सौंपते हुए जल्द से जल्द खराब ट्रांसफार्मरों को बदलने, जर्जर तारों को दुरुस्त करने और क्षेत्र में नियमित एवं सुचारु बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।इस दौरान जिला परिषद सदस्य ने विद्युत विभाग की कार्यशैली पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर अधिकारियों के पास पहुंचते हैं, लेकिन कई बार उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जाता। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं और उनकी परेशानियों का सम्मान करते हुए अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ काम करना चाहिए।गुलजार आलम ने कहा कि क्षेत्र की बिजली समस्या केवल एक-दो गांवों तक सीमित नहीं है, बल्कि कई इलाकों के ग्रामीण इससे प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते वे लगातार जनता की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाते रहेंगे और जरूरत पड़ने पर इन मुद्दों को मीडिया के माध्यम से भी उठाया जाएगा।अब देखना होगा कि विद्युत विभाग जिला परिषद सदस्य द्वारा सौंपे गए मांग पत्र पर कितनी जल्द कार्रवाई करता है और क्षेत्र के ग्रामीणों को बिजली की समस्या से कब तक राहत मिलती है

Previous post बरंडी नदी के कमलाघाट में फिर गई एक जान, नहाते समय पैर फिसलने से युवक की मौत
Next post फलका मुख्यालय स्थित कटरा में आधार केंद्र में मनमानी वसूली का वीडियो हुआ वायरल
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial