November 8, 2026

कुरसेला में अतिक्रमण पर प्रशासन की कड़ी कार्रवाई, मंगलवार को चलेगा बुलडोजर

Read Time:3 Minute, 2 Second

स्टेट हाईवे व एनएच 31 सड़क के किनारे अतिक्रमण हटाते कुरसेला।

कुर्सेला (राजशेखर जयसवाल)

कुरसेला एनएच 31 व एस एच 77 सड़क पर लंबे समय से हो रहे अतिक्रमण और उससे उत्पन्न जाम की समस्या को देखते हुए प्रशासन अब सख्त रुख अपनाने जा रहा है। मंगलवार को नगर पंचायत प्रशासन कुरसेला स्थित एनएच-31 और एसएच-77 सड़क के दोनों किनारों से अतिक्रमण हटाने के लिए बुलडोजर चलाएगा। शहीद चौक सहित मुख्य मार्गों पर अवैध अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी पूरी कर ली गई है।जिलाधिकारी के निर्देश पर बीते तीन दिनों से नगर पंचायत प्रशासन की ओर से लगातार माइकिंग कर अतिक्रमणकारियों को स्वयं अपने स्तर से कब्जा हटाने की चेतावनी दी जा रही थी। लोगों से अपील की गई थी कि वे सड़क पर किए गए निर्माण या अतिक्रमण को स्वयं हटा लें, अन्यथा प्रशासनिक कार्रवाई के लिए तैयार रहें।प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण के कारण एनएच-31 व एसएच-77 सड़क पर आए दिन भीषण जाम लगता है, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई व्यवसायियों द्वारा नाला और सड़क तक दुकानें बढ़ा लेने से स्थिति गंभीर बन गई है। सड़क पर ही ग्राहकों के खड़े होने और वाहनों के रुकने से जाम की समस्या और बढ़ जाती है।जनकारी के अनुसार सोमवार तक जिन अतिक्रमणकारियों ने स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाया है, मंगलवार को प्रशासन उनके खिलाफ सीधी कार्रवाई करेगा और साथ ही जुर्माना भी वसूला जाएगा। इस बार प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सड़क और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के मामले में किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।इधर, प्रशासनिक चेतावनी के बाद दो दिनों से कई व्यवसायियों को स्वेच्छा से अपने द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाते हुए भी देखा गया है। नगर पंचायत के विभिन्न चौक-चौराहों पर लोग दुकानें और ठेले सड़क से पीछे हटाते नजर आए।अब सबकी निगाहें मंगलवार को होने वाली अतिक्रमण हटाओ अभियान पर टिकी हैं, जब प्रशासन सख्ती से सड़क किनारे किए गए सभी अवैध अतिक्रमण को हटाएगा।

Previous post विमला देवी प्राथमिक विद्यालय उत्तर टोला भर्री छात्र-छात्राएं स्कूल ड्रेस में विद्यालय आते हैं
Next post कुरसेला में देर रात सघन पैदल गश्ती, पुलिस की मौजूदगी से चोर-उचक्कों में हड़कंप
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial