कुर्सेला में विजयादशमी पर नाव हादसा, दो लापता, तीन की जान बची ।
कुर्सेला (राजशेखर जयसवाल)
विजयादशमी के दिन कुर्सेला प्रखंड से एक बड़ी दुखद खबर सामने आई है। गंगा और कोसी के संगम स्थल के समीप एक नाव पलटने से दो लोग लापता हो गए, जबकि तीन लोगों की जान किसी तरह बचाई जा सकी। यह हादसा तब हुआ जब पांच लोग दियारा क्षेत्र से पत्थर टोला गांव लौट रहे थे। प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर खोजबीन में जुटी है।मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को विजयादशमी के अवसर पर कुरसेला थाना क्षेत्र के खेरिया गांव निवासी वकील परिहार, इंदल मंडल, सुदामा चौधरी, संतलाल साहनी और फुलेश्वर कुमार नाव से गंगा पार कर दियारा इलाके में गए थे। बताया जाता है कि वे वहां खेसारी की बुआई करने गए थे। इसमें कुछ मछुआरा भी थे।श लौटते वक्त जैसे ही नाव गंगा-कोसी संगम स्थल के समीप पटियाल से बांधी गई, अचानक नाव असंतुलित होकर पलट गई।हादसे के दौरान वकील परिहार ने बांस के सहारे किसी तरह अपनी जान बचाई। वहीं मछुआरों की मदद से इंदल मंडल और सुदामा चौधरी को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया। लेकिन संतलाल साहनी और फुलेश्वर कुमार गंगा और कोसी नदी के तेज बहाव में बह गए। दोनों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आया। कुरसेला थाना पुलिस, राजस्व कर्मी गोताखोरों को घटनास्थल पर बुलाया गया। नदी में लगातार खोज अभियान चलाया जा रहा, लेकिन लापता दोनों व्यक्तियों का पता नहीं चल सका।घटना के बाद इलाके में मातम का माहौल है। पीड़ित परिवार के लोग रो-रोकर बेहाल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गंगा-कोसी संगम स्थल पर नदी का बहाव बेहद तेज रहता है, ऐसे में छोटी नाव पर सवारी करना जोखिम भरा साबित हुआ।फिलहाल प्रशासन ने लापता लोगों की तलाश तेज कर दी है।
