November 10, 2026

ऊफनती गंगा में डर और विवशता की नाव यात्रा, फेरी सेवा बंद होने से यात्री बेहाल।

Read Time:2 Minute, 1 Second

(रतन कुमार ओझा|मनिहारी)

गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन साहिबगंज-मनिहारी के बीच चलनेवाली यात्री फेरी सेवा को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। फेरी सेवा पर रोक लगने के कारण लोगों को जान जोखिम में डालकर ऊफनती नदी को पार करने की विवशता झेलनी पड़ रही है।बाबा नगरी देवघर की ओर जल अर्पण को निकले कांवरिया सहित आम यात्री अब नावों के सहारे नदी पार करने को मजबूर हैं। महिलाओं, बुजुर्गों और मासूम बच्चों को चिलचिलाती धूप और तेज धार के बीच डर के साये में घंटों नाव की प्रतीक्षा करनी पड़ रही है। नाव से सफर कर यात्री डीबीएल (महादेवगंज घाट) तक पहुंच रहे हैं, जहां अव्यवस्था और असुरक्षा का आलम बना हुआ है।मनिहारी अनुमंडल पदाधिकारी त्रिलोकी नाथ सिंह ने बताया कि गंगा के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। सभी नाविकों को क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने की सख्त हिदायत दी गई है। चिन्हित घाटों पर निगरानी के लिए प्रशासनिक कर्मियों की तैनाती कर दी गई है।इस बीच युवा राजद के प्रदेश महासचिव सह नगर के मुख्य पार्षद लाखो यादव ने प्रशासन से यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था के तहत फेरी सेवा शुरू कराने की मांग की है, ताकि श्रद्धालु एवं आम लोग सुरक्षित ढंग से अपनी यात्रा पूरी कर सके।

Previous post मनिहारी में 25 लीटर देशी शराब बरामद, तस्कर फरार; शराब सेवन के आरोप में तीन गिरफ्तार।
Next post सफाई कर्मियों ने बकाया राशि भुगतान को लेकर किया धरना प्रदर्शन।
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial