आदिवासी समाज के विकास व उत्थान को लेकर एससी एसटी आयोग के अध्यक्ष ने किया बैठक
तनवीर आलम (हसनगंज)
हसनगंज प्रखंड के कालसर पंचायत स्थित राजकीय बुनियादी विद्यालय खेल मैदान में जगरनाथपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि हृदय नारायण उरांव की अध्यक्षता में आदिवासी समाज के विकास व उत्थान को लेकर एक सभा का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रुप में एससी एसटी आयोग के अध्यक्ष शंभू कुमार सुमन उपस्थित होकर आदिवासी समाज के विकास व उत्थान पर चर्चा करते हुए पटना में आगामी 24 जनवरी को कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर सभी आदिवासी समाज को पहुंचने का आमंत्रण दिया। साथ ही 11 फरवरी को बाबा तिलका मांझी की जयंती पर मुख्यमंत्री का संभावित कार्यक्रम होना है। जिसमें सभी आदिवासी समाज को पहुंचने के लिए आमंत्रित किया गया। बताया एससी एसटी आयोग के अध्यक्ष होने के नाते अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति के लोगों की परेशानियों को देखना हमारा दायित्व है। साथ ही उन पर हो रहे अत्याचार व उस समाज के विकास, उत्थान के प्रति सरकार का ध्यान केंद्रित कराना लक्ष्य है। बताया हर हाल में अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के समाज में किस तरह विकास हो, लोगों की दिनचर्या में कैसे बदलाव आए, लोग शिक्षित हो, लोगों के अंदर हो रही परेशानियों को कैसे दूर किया जाए आदि बिंदुओं पर एक सभा के माध्यम से लोगों से विचार-विमर्श करते हुए उनकी परेशानियों से रुबरु हुए। मौके पर एससी एसटी आयोग के अध्यक्ष शंभू सुमन ने बताया कि कालसर पंचायत स्थित राजकीय बुनियादी विद्यालय को आवासीय विद्यालय बनाने की मांग आदिवासी समाज के द्वारा जोर-जोर से की गई है। बताया विद्यालय को पर्याप्त भूमि उपलब्ध है, जल्द ही उनकी मांग को सरकार के समक्ष रखते हुए इस बिंदु पर कोई ठोस पहल की जाएगी। कहा शिक्षा ही एक ऐसा हथियार है, जिसके बल पर समाज का विकास व उत्थान संभव है। इस अवसर पर कार्यक्रम का मंच संचालन पूर्व समिति प्रतिनिधि सदानंद तिर्की ने किया। मौके पर इस कार्यक्रम को सफल बनाने में बलुआ मुखिया कंदलाल मुर्मू, पूर्व मुखिया राधा उरांव, राजेन्द्र उरांव, पूर्व समिति प्रतिनिधि सदानंद तिर्की, वार्ड सदस्य में कन्हैया उरांव, मुकेश उरांव, रामजी उरांव, बिनोद यादव सहित सैकड़ों की संख्या में आदिवासी समाज के महिला पुरूष आदि मौजूद रहे।
