May 1, 2026

डीडीसी ने लगुवा पंचायत का किया निरीक्षण

Read Time:4 Minute, 19 Second


राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में तय निर्धारित कार्यक्रम के तहत उपविकास आयुक्त अरुण कुमार ठाकुर बुधवार को बारसोई प्रखंड अंतर्गत लगुवा पंचायत पहुंचे. मौके पर डीडीसी ने लगुवा पंचायत में संचालित विभिन्न लोककल्याणकारी योजनाओं का एक-एक कर स्थलीय जांच किया. उन्होंने पंचायत में चल रहे नल-जल योजना, मनरेगा योजना, जन वितरण प्रणाली योजना एवं मध्य विद्यालय बेराखोर का निरीक्षण किया.मौके पर पंचायत वासियों ने डीडीसी से अधिकांश पंचायत क्षेत्र में नल-जल योजना के फ्लॉप रहने तथा उक्त योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की. लोगों ने बताया कि पंचायत क्षेत्र स्थित विभिन्न वार्डों में संवेदक की उदासीनता के चलते नल- जल योजना का कार्य अब तक पूरा नहीं हो पाया है. पंचायत के सैकड़ों घरों में अब तक लोग इस महत्वाकांक्षी योजना के लाभ से महरूम हैं. आज भी आधे से अधिक पंचायत वासी दूषित जल के सेवन को विवश हैं. पंचायत वासियों की शिकायत पर गौर करते हुए व उक्त योजना का स्थलीय जांच करते हुए डीडीसी ने बताया कि उक्त पंचायत में अधिकांश घरों में नल जल योजना का लाभ लोगों को अब तक नहीं मिल रहा है.उन्होंने संबंधित विभाग को लिखने तथा जल्द ही उक्त योजना का लाभ समस्त पंचायत वासियों को उपलब्ध कराने की बात कही. इसके पश्चात श्री ठाकुर ने पंचायत में चल रहे मनरेगा योजना का निरीक्षण किया. इस संबंध में डीडीसी ने बताया कि मनरेगा योजना के तहत पंचायत में संचालित योजनाओं में निर्धारित संख्याओं में मजदूर नहीं लगाये जा रहे हैं. आगे डीडीसी जविप्र दुकानदार अलाउद्दीन के दुकान पर पहुंचे. मौके पर उपभोक्ताओं ने डीडीसी से राशन के तौर पर सड़े हुये चावल मिलने की शिकायत की. इस संबंध में डीलर ने बताया कि उन्हें जो चावल आवंटित किया गया है वह निम्न कोटि का है. डीलर ने डीडीसी को बताया कि उसके द्वारा भी विभाग को निन्म कोटि का चावल आवंटित की जाने की शिकायत की गई है. परन्तु दुर्भाग्यवश अब तक चावल को बदला नहीं गया है. जांच के क्रम में उपविकास आयुक्त मध्य विद्यालय बेराखोर पहुंचे. मौके पर कुछ शिक्षक अनुपस्थित थे. इस संबंध में डीडीसी को प्रधानाध्यपक ने बताया कि शिक्षक छुट्टी पर हैं. गौरतलब हो कि उक्त विद्यालय परिसर में कुल मिलाकर तीन विद्यालय टैग हैं. इस संबंध में डीडीसी ने बताया कि शिक्षा विभाग को टैग विद्यालयों के भवन निर्माण के लिए राशि आवंटन के बारे में लिखा जायेगा. उन्होंने टैग विद्यालय के भवन निर्माण के लिए जल्द ही राशि आवंटित किए जाने का भरोसा जताया. मौके पर पंचायती राज पदाधिकारी संतोष कुमार, पंचायत के मुखिया काजी नजरूल इस्लाम, पंसस काजी रेजा, सामाजिक कार्यकर्ता काजी शाहबाज, अलाउद्दीन उर्फ हीरा, वार्ड सदस्य मंजूर आलम मुख्य रूप से मौजूद थे.

Previous post चार बच्चों की मां पर पति ने किरोसिन छिड़क कर लगा दी आग, मौत
Next post बाबा के दरबार में पहली बार आए हैं और मंदिर भ्रमण मेरे लिए बहुत रोमांचक पल चौमुखी विकास कराएंगे मंदिर परिसर का – डीएम
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial