August 17, 2026

ग्वालटोली-कुशीदा मुख्य सड़क पर तालाब में उतरा 16 पहिया हाइवा ट्रक, बाल-बाल बचे चालक और खलासी

Read Time:2 Minute, 45 Second

(मो0 सनाउल्लाह| बारसोई)

बारसोई प्रखंड अंतर्गत ग्वालटोली चौक से कुशीदा जाने वाली मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति एक बार फिर सामने आई है। लंबे समय से जर्जर और गड्ढों में तब्दील इस सिंगल लेन सड़क पर रविवार सुबह करीब 10 बजे एक 16 पहिया ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित तालाब में जा उतरा।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक चालक सड़क की खराब स्थिति और संकरी सड़क के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके बाद ट्रक सीधे सड़क किनारे गड्ढे और तालाब में उतर गया। हादसे में चालक और खलासी को हल्की चोटें आईं, लेकिन किसी तरह की बड़ी जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ट्रक सड़क से नीचे तालाब की जगह किसी घर, दुकान या राहगीर से टकराता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।ग्रामीणों के मुताबिक ग्वालटोली-कुशीदा मार्ग काफी समय से जर्जर हालत में है। सड़क सिंगल लेन होने के कारण दो बड़े वाहनों के एक साथ गुजरने में भी भारी परेशानी होती है। कई बार एक वाहन को सड़क से नीचे उतारकर दूसरे वाहन को रास्ता देना पड़ता है। इसके बावजूद इस मार्ग पर भारी वाहनों का परिचालन लगातार जारी है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधियों द्वारा विकास और सड़क निर्माण के बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद इस गंभीर समस्या की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता। स्थानीय लोगों ने प्रशासन, सांसद, विधायक और संबंधित जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि ग्वालटोली से कुशीदा जाने वाली मुख्य सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा सड़क का चौड़ीकरण किया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सड़क की स्थिति नहीं सुधारी गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।

Previous post लक्ष्मण ग्रामीण कोचिंग सेंटर में सांस्कृतिक कार्यक्रम, नशा व दहेज प्रथा के खिलाफ छात्रों ने दिया संदेश।
Next post सहयोग शिविर को लेकर भवानीपुर पंचायत में जागरूकता अभियान, हरी झंडी दिखाकर प्रचार वाहन रवाना
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial