भवानीपुर में पंचायत सरकार भवन की प्रस्तावित भूमि पर ग्राम सभा की मुहर
बारसोई (डेस्क)
बारसोई प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत राज भवानीपुर में पंचायत सरकार भवन के निर्माण को लेकर लंबे समय से चल रही कवायद को आज महत्वपूर्ण सफलता मिली। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित ग्राम सभा में मल्लिकपुर-92, खाता संख्या 223, खेसरा संख्या 94 भूमि को पंचायत सरकार भवन के निर्माण हेतु प्रस्ताव में शामिल किया गया।यह ग्राम सभा प्रखंड विकास पदाधिकारी, बारसोई के पत्रांक 160/प्र०पं०, दिनांक 13 अगस्त 2026 के आलोक में आयोजित की गई। ग्राम सभा की अध्यक्षता मुखिया सहानु खातून एवं पंचायत सचिव मुकेश कुमार ठाकुर ने की। बैठक में पंचायत के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।लंबे संघर्ष के बाद बदला प्रस्तावित स्थलपंचायत सरकार भवन के लिए पहले इसरकोला पोखर की भूमि प्रस्तावित की गई थी। इस स्थल को लेकर भवानीपुर पंचायत के ग्रामीणों ने भारी विरोध जताया और लंबे समय तक उचित स्थल के चयन की मांग को लेकर संघर्ष किया।ग्रामीणों की लगातार मांग और विरोध के बाद इसरकोला पोखर की प्रस्तावित भूमि को निरस्त किया गया। इसके बाद मल्लिकपुर-92 में खाता संख्या 223, खेसरा संख्या 94 भूमि को पंचायत सरकार भवन के लिए उपयुक्त स्थल के रूप में सामने लाया गया, जिसे पंचायत की जनता ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया।खास बात यह है कि प्रस्तावित भूमि के संबंध में अंचल कार्यालय से एनओसी भी प्राप्त हो चुकी है, जिससे पंचायत सरकार भवन के निर्माण की आगे की प्रक्रिया को और मजबूती मिली है। *पूर्व विधायक महबूब आलम का रहा महत्वपूर्ण योगदान* इस पूरी लड़ाई में बलरामपुर के पूर्व विधायक जनाब महबूब आलम के योगदान को भी ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण बताया। स्थानीय लोगों के अनुसार, पंचायत सरकार भवन के उचित स्थल के चयन को लेकर जनता की आवाज को मजबूती देने और इस मुद्दे को लगातार उठाने में पूर्व विधायक महबूब आलम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।वहीं, कटिहार सांसद जनाब तारिक अनवर साहब का भी इस संघर्ष में महत्वपूर्ण योगदान रहा। ग्रामीणों की मांग को मजबूती देने और उचित स्थल के पक्ष में आवाज उठाने में उनका सहयोग उल्लेखनीय रहा।पूर्व मुखिया प्रतिनिधि मो. शकील ने कहा कि “यह किसी व्यक्ति की जीत नहीं, बल्कि भवानीपुर पंचायत की जनता की जीत है। जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखी और लंबे संघर्ष के बाद अपनी मांग को सही जगह तक पहुंचाया। आज ग्राम सभा में मल्लिकपुर-92 की भूमि को प्रस्ताव में शामिल किया जाना इस संघर्ष की बड़ी सफलता है। अंचल कार्यालय से एनओसी मिलना भी एक महत्वपूर्ण कदम है। अब हमारी मांग है कि आगे की सभी प्रशासनिक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी हों और पंचायत सरकार भवन का निर्माण जल्द शुरू कराया जाए।” ग्राम सभा में सरपंच समसून निगार, उप सरपंच आलम, उप मुखिया प्रतिनिधि नूर इस्लाम, सरपंच प्रतिनिधि बायसु, मनरेगा सचिव बरूण झा, आइसा नेता काजिम इरफानी, समाजसेवी नूर अख्तर, हाफिज इमदादुल्लाह, हाफिज हेलाल, हाफिज अनजार, मो. फहीम, बिमल महालदार, वार्ड सदस्य मो. शकील, मो. मुजम्मिल, अनसार, मकसूद सहित अन्य जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में पंचायत के ग्रामीण उपस्थित रहे।
