चार बच्चों की मां पर पति ने किरोसिन छिड़क कर लगा दी आग, मौत
Read Time:3 Minute, 47 Second
कटिहार जिला अन्तर्गत बारसोई प्रखंड के तीसलिया गांव की बेटी कांचनी खातुन (28 वर्ष) जिसकी शादी पश्चिम बंगाल सीमा पर अवस्थित ग्राम गोराहाल घाट में हुई है उस पर उसके पति हसमुद्दीन ने सोमवार की देर रात किरोसिन तेल छिड़क कर उसे आग के हवाले कर दिया। मौके पर कांचनी उस आग के लपेटों में आकर बुरी तरह झुलस गयी।
मंगलवार की दोपहर इलाज के क्रम में उसने दम तोड़ दिया। इस तरह गांव की बेटी कांचनी खातुन दहेज की बलि चढ़ गयी।ससुराल में उसकी नृसंश हत्या हो गयी।इस संबंध में मृतिका के पिता कलवा उर्फ पमीरुद्दीन ने बताया कि अब से लगभग नौ वर्ष पूर्व उसकी बेटी कांचनी की शादी मुस्लिम रीति रिवाज के अनुसार बिहार से पांच किलोमीटर की दूरी पर स्थित व पश्चिम बंगाल सीमा पर अवस्थित ग्राम गोराहालघाट में हुई थी।इस शादी से कांचनी के चार बच्चे भी है। पिता ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से मृतिका का पति उसे दहेज को लेकर प्रताड़ित किया करता था। आये दिन मारपीट भी किया करता था।साथ ही घर से बाहर निकाल देने की धमकी भी देता रहता था।मांगें पूरी नहीं होने की सूरत में जान से मार देने की बातें भी किया करता था।पिता ने बताया कि सोमवार की देर रात बंद कमरे में नशे में धुत्त होकर पति हसमुद्दीन ने कांचनी पर जान से मार देने व उसे जिंदा जला देने की नियत से किरोसिन छिड़क दिया।आग जल्द ही कांचनी के कपड़ों से होकर उसके स पूरे बदन में फैल गयी इस दौरान कांचनी बुरी तरह से जलकर झुलस गयी। वह बुरी तरह से रोने एवं चिल्लाने लगी ।
मंगलवार की अल सुबह मायके वालों को जब इसकी खबर लगी तो वे लोग बेटी के ससुराल दौड़े चले गये।
बेटी को ससुराल में जले हुए अवस्था में देखकर परिवार वालों का कलेजा मुंह को आ गया।सभी रोने पीटने लगे।मायके वालों ने जीवन की अंतिम सांस गिन रही बेटी को रायगंज स्थित अस्पताल में भर्ती कराया।वहां चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे सिल्लीगुड़ी रेफर कर दिया। इलाज के क्रम में सिल्लीगुड़ी अस्पताल में कांचनी ने इस जालिम दुनिया को अलविदा कह दिया. मंगलवार की सुबह कानों कान यह बात फैलने से तथा गांव की बेटी के दहेज की बलि चढ़ जाने की बात लोगों के जुबान पर चर्चा का विषय बनी हुई है। पिता के मुताबिक वह जालीम व दहेजलोभी पति फरार बताया जा रहा है। घटना पर दुख जताते हुए स्थानीय विधायक महबूब आलम ने पश्चिम बंगाल स्थित पुलिस पदाधिकारी से फोन पर संपर्क कर मामले में एफआईआर दर्ज करने साथ ही दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है।
