घरेलू कलह से तंग आकर पति ने खाया विषैला पदार्थ, मौत।चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, गांव में मातमी सन्नाटा
कुर्सेला (राजशेखर जयसवाल)
कुरसेला थाना क्षेत्र के दक्षिणी मुरादपुर पंचायत अंतर्गत तिनघरिया गांव के वार्ड 5 में पति-पत्नी के बीच आपसी घरेलू विवाद के दौरान छंगूरी शर्मा ने विषैला पदार्थ सेवन कर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान तिनघरिया गांव निवासी छंगोरी शर्मा (38) वर्ष के रूप में की गई है।मिली जानकारी के अनुसार छंगोरी शर्मा का अपनी पत्नी रेखा देवी के साथ बीते कुछ दिनों से घरेलू विवाद चल रहा था। शुक्रवार को घरेलू कलह से तंग आकर उन्होंने विषैला पदार्थ का सेवन कर लिया। शाम होते-होते उनकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कुरसेला ले जा रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही कुरसेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार भेज दिया।मृतक की मां ने बताया कि बीते रविवार को शिव गुरु महोत्सव देखने के लिए उनकी पुत्रवधू जा रही थी, जिसे उनके पुत्र ने मना किया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि शुक्रवार को इसी विवाद के चलते उनके पुत्र ने विषैला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के बाद उनकी पुत्रवधू घर में ताला लगाकर फरार हो गई है।मृतक की मां रो-रोकर यह भी बता रही थी कि छंगोरी शर्मा के चार छोटे-छोटे बच्चे हैं दो पुत्र और दो पुत्री जिनके भरण-पोषण की चिंता अब परिवार के सामने खड़ी हो गई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।इधर, शनिवार को फॉरेंसिक टीम तिनघरिया गांव पहुंची और घटनास्थल से आवश्यक सैंपल कलेक्ट कर अपने साथ ले गई।थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तक मृतक पक्ष की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। फॉरेंसिक टीम द्वारा सैंपल कलेक्ट किया गया है। आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
