बलुआ, कालसर व ढेरुआ पंचायत में ग्राम सभा, आवास योजना की प्रारूप प्रतीक्षा सूची पढ़कर सुनाई गई
डेस्क (हसनगंज)
हसनगंज प्रखंड अंतर्गत बलुआ, कालसर एवं ढेरुआ पंचायत में रविवार को ग्राम सभा सह पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण आवास प्लस 2024 की सर्वे सूची के आधार पर सिस्टम जनरेट कोटिवार प्रारूप प्रतीक्षा सूची को उपस्थित ग्रामीणों के बीच पढ़कर सुनाया गया। ग्राम सभा में संभावित लाभुकों को सूची की जानकारी देने के साथ नामों के सत्यापन तथा सूची में शामिल होने से छूटे पात्र लाभुकों से आवेदन प्राप्त करने को लेकर चर्चा की गई। जानकारी के अनुसार, बलुआ पंचायत सरकार भवन में मुखिया कांतिलाल मुर्मू, कालसर पंचायत भवन परिसर में मुखिया सागर यादव तथा ढेरुआ पंचायत सरकार भवन में मुखिया रुस्तम अली की अध्यक्षता में ग्राम सभा आयोजित की गई। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को आवास योजना की प्रारूप प्रतीक्षा सूची के संबंध में जानकारी दी। मुखिया प्रतिनिधियों ने बताया कि आवास प्लस 2024 की सर्वे सूची के आधार पर तैयार प्रारूप प्रतीक्षा सूची को ग्राम सभा में सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाया जा रहा है, ताकि संबंधित लाभुक अपना नाम देख सकें और सूची की जानकारी प्राप्त कर सकें। यदि कोई पात्र परिवार सर्वे के बावजूद सूची में शामिल होने से छूट गया है, तो ऐसे लोगों से भी आवेदन प्राप्त किया जाएगा। प्राप्त आवेदनों की नियमानुसार जांच के बाद पात्र लाभुकों को सूची में शामिल करने की प्रक्रिया की जाएगी। बताया गया कि बलुआ पंचायत में 1215, कालसर पंचायत में 1018 तथा ढेरुआ पंचायत में 765 नए नाम सूची में अंकित किए गए हैं। सूची को ग्राम सभा में सार्वजनिक किए जाने से ग्रामीणों को अपने नाम और पात्रता की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला। ग्राम सभा के साथ आयोजित पंचायत विकास दिवस के अवसर पर पंचायतों में संचालित एवं प्रस्तावित विकास योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर भी चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने पंचायत के विकास, जनसमस्याओं के समाधान तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने को लेकर अपने विचार रखे। पंचायत स्तर पर ग्रामीणों की सहभागिता से विकास कार्यों को गति देने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।कार्यक्रम में वार्ड सदस्य प्रतिनिधि सियाराम चौधरी, नीतीश कुमार, , वार्ड सदस्य कलाम मियां, सुनील सिंह, मो मुख्तार, उपमुखिया दशरथ कुमार, वार्ड सदस्य शिवकिशोर मंडल, आवास सहायक और अन्य कर्मी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
