April 19, 2026

कुरसेला में मक्का रेक प्वाइंट का शुभारंभ, किसानों को मिलेगा उचित मूल्य का लाभ।

Read Time:3 Minute, 18 Second

कुर्सेला (राजशेखर जयसवाल)

कुरसेला रेलवे स्टेशन स्थित रेलवे माल गोदाम परिसर में शुक्रवार को मक्का रेक प्वाइंट का वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूजा अर्चना कर शुभारंभ किया गया। रेक प्वाइंट के शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज उचित मूल्य पर बेचने में सहूलियत मिलेगी तथा बाजार तक उनकी सीधी पहुंच आसान होगी।सीमावर्ती क्षेत्र के किसानों ने अपनी मेहनत के दम पर खेती के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। मक्का की खेती ने क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल दी है। बेहतर पैदावार के कारण यह इलाका अब मक्का उत्पादन के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है और यहां से बड़ी मात्रा में मक्का की आपूर्ति अन्य राज्यों तक की जा रही है। क्षेत्र की लगभग 70 प्रतिशत भूमि पर मक्का की खेती की जाती है। अक्टूबर माह में बुआई शुरू होती है और अप्रैल से कटाई का कार्य प्रारंभ हो जाता है। एक एकड़ में औसतन 35 से 40 क्विंटल तक उत्पादन हो रहा है।हालांकि इस बार किसानों को बाजार भाव में गिरावट का सामना करना पड़ा है। वर्तमान में मक्का लगभग 1850 रुपये प्रति क्विंटल बिक रही है। जिससे किसानों का मुनाफा प्रभावित हुआ है। इसके अलावा आंधी-तूफान के कारण करीब 15 प्रतिशत फसल को नुकसान पहुंचा है, जिससे उत्पादन में भी कमी आई है।दर्जनों किसानों ने बताया कि जिले में मक्का की खेती नगदी फसल के रूप में की जाती है और इसका कारोबार सालभर चलता है। किसानों ने मांग की है कि सरकार द्वारा मक्का आधारित उद्योग स्थापित किए जाएं तथा समर्थन मूल्य निर्धारित किया जाए, जिससे क्षेत्र का औद्योगिक विकास हो सके और किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार आए।कटिहार जिला मक्का उत्पादन का प्रमुख केंद्र बन चुका है और कुरसेला का यह रेक प्वाइंट अब अपनी अलग पहचान बना रहा है। यह पहल किसानों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलने वाली साबित हो सकती है।इस मौके पर स्थानीय व्यवसायियों में रवि कुमार सिंह, रितेश कुमार, मोनू अग्रवाल, पप्पू यादव, रवि जायसवाल मोनू चौधरी, अरुण जायसवाल, नीरज कुमार सिंह, राजशेखर जायसवाल,निर्भय जायसवाल एवं सहित कई लोग मौजूद रहे।

Previous post ओवरलोडेड ट्रैक्टर से कुचलकर छात्र की मौत ।
Next post मनिहारी थाना निरीक्षण में आईजी ने दिए सख्त निर्देश, सूखा नशा पर प्रहार और महिला सुरक्षा पर जोर
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial