फलका पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 27 पुड़िया स्मैक के साथ एक युवक गिरफ्तार, नशे के कारोबार का हुआ खुलासागुप्त सूचना पर पुलिस ने फूलडोभी मुस्लिम टोला में की छापेमारी, 5.33 ग्राम स्मैक और मोबाइल बरामद
फलका (मो0 काजु )
फलका थाना क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से 27 छोटी-छोटी पुड़िया में रखा कुल 5.33 ग्राम स्मैक जैसा पदार्थ तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध नशे का कारोबार करने वालों के बीच हड़कंप मच गया है।मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 22 नवंबर 2026 को फलका पुलिस संध्या गश्ती पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मोरसंडा एवं फूलडोभी मुस्लिम टोला के आसपास एक व्यक्ति स्मैक की पुड़िया बेचने के लिए आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस पदाधिकारी अंजनी कुमार सिंह पुलिस बल के साथ बताए गए स्थान पर पहुंचे और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने लगे।इसी क्रम में रात करीब 10:20 बजे फूलडोभी मुस्लिम टोला के पास पुलिस की गाड़ी देखकर एक युवक भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि पुलिस बल की तत्परता और सूझबूझ से उसे खदेड़कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान फूलडोभी वार्ड संख्या-03 निवासी विकास कुमार, उम्र करीब 24 वर्ष, पिता दिनेश तमा के रूप में हुई।पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 के प्रावधानों के तहत आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक की जींस पैंट की जेब से काले रंग के प्लास्टिक में रखी 27 छोटी-छोटी पुड़िया बरामद हुईं, जिनमें स्मैक जैसा पदार्थ रखा हुआ था। इसका कुल वजन 5.33 ग्राम पाया गया। इसके अलावा एक विवो कंपनी का आसमानी रंग का एंड्रॉयड मोबाइल भी बरामद किया गया।पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार युवक ने फूलडोभी वार्ड संख्या-07 निवासी करीब 24 वर्षीय मो. मसूद आलम, पिता मो. अफजल हक का नाम बताया। आरोप है कि वह उसे स्मैक उपलब्ध कराता था, जिसे वह छोटी-छोटी मात्रा में बेचने के लिए देता था। इसके बाद पुलिस ने मामले में मो. मसूद आलम को भी आरोपित करते हुए कार्रवाई की।इस मामले में फलका थाना कांड संख्या 288/26, दिनांक 22 नवंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी)/21(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी एसआई विवेक कुमार सिंह को सौंपी गई है।फलका पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई, पुलिस बल की मुस्तैदी और नियमानुसार तलाशी एवं जब्ती की प्रक्रिया पूरी करना पुलिस की सतर्कता को दर्शाता है।नशे का कारोबार युवाओं के भविष्य को अंधकार की ओर धकेल रहा है। ऐसे में पुलिस की इस तरह की कार्रवाई से आम लोगों में भी उम्मीद जगी है कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण लगेगा। स्थानीय लोगों की अपेक्षा है कि पुलिस केवल छोटे विक्रेताओं तक सीमित न रहकर नशे की आपूर्ति करने वाले बड़े नेटवर्क का भी पता लगाए, ताकि इस अवैध कारोबार की जड़ तक पहुंचकर कार्रवाई की जा सके।
