विद्यालय में चहारदीवारी नहीं, शुद्ध पेयजल का मामला वीएसएस के उन्मुखीकरण कार्यक्रम में समस्याओं पर चर्चा।
अशोक यादव (डडंखोरा)
डंडखोरा प्रखंड के डंडखोरा पंचायत अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय डंडखोरा व प्राथमिक विद्यालय वीर टोला में सोमवार को विद्यालय शिक्षा समिति के पदधारकों के लिए उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. राइट टू एजुकेशन फोरम कटिहार एवं आर्थिक अनुसंधान केंद्र के तत्वाधान में आयोजित इस उन्मुखीकरण कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के अध्यक्ष सह वार्ड सदस्य ने किया. स्थानीय सामाजिक संस्था लोक स्वराज एवं गगन तारा फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्ष, सदस्य, शिक्षक, स्वयंसेवी संस्था के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम के दौरान विद्यालय शिक्षा समिति के अधिकार एवं कर्तव्यों से अवगत कराते हुए विद्यालय के समग्र विकास का संकल्प लिया गया. कार्यक्रम में उत्क्रमित मध्य विद्यालय डंडखोरा के अध्यक्ष जयकिशोर विश्वास ने कहा कि इस विद्यालय में चहारदीवारी नहीं है. विद्यालय के कई कमरों के छत से बरसात में पानी टपकता है. फर्श क्षतिग्रस्त है. बच्चों को बैठने के लिए पर्याप्त बेंच डेस्क नहीं है. बच्चों को शुद्व पेयजल उपलब्ध नहीं है. उन्होंने कार्यक्रम के दौरान कई समस्याओं को रेखांकित करते हुए उसके समाधान पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि जल्द ही इस मामले में जिला पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी के अलावा जन प्रतिनिधियों से मिलेंगे तथा बेहतर आवागमन की व्यवस्था के लिए अनुरोध करेंगे. कार्यक्रम के दौरान राइट टू एजुकेशन फोरम एवं आर्थिक अनुसंधान केंद्र की ओर से सूरज कुमार गुप्ता ने बताया कि विद्यालय शिक्षा समिति को कई तरह के अधिकार दिये गये है. अगर विद्यालय शिक्षा समिति अपने अधिकार एवं कर्तव्य के प्रति सजग रहा तो विद्यालय का समग्र विकास निश्चित रूप से होगा. उन्होंने समिति के अध्यक्ष व सदस्यों को उनके कई तरह के अधिकारों की जानकारी दी. बैठक में वरिष्ठ समाजसेवी श्यामानंद झा, विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रदीप कुमार रजक, वरीय शिक्षक मदन कुमार रजक, रजनीश रंजन, सचिव चंदा देवी, रितेन पासवान, सोनू चौधरी, गगन तारा फाउंडेशन के सचिव, लोक स्वराज के संजय कुमार सिंह आदि कई लोग उपस्थित थे.
