September 3, 2026

यात्रियों के लिए बना प्रतीक्षालय, अब जलावन का ठिकाना! लाखों की योजना पर उठे सवाल

Read Time:2 Minute, 32 Second

मो0 सनाउल्लाह ( बारसोई)

सरकारी योजनाओं के तहत आम लोगों की सुविधा के लिए लाखों रुपये खर्च कर बनाए गए यात्री प्रतीक्षालय की जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। बारसोई–आबादपुर मुख्य सड़क पर BD कॉलेज के समीप बने बस पड़ाव में यात्रियों के बैठने की व्यवस्था के बजाय जलावन और अन्य सामान रखा हुआ नजर आ रहा है।बस का इंतजार करने वाले यात्रियों के लिए धूप, बारिश और गर्मी से बचाव के उद्देश्य से बनाए गए इस प्रतीक्षालय का इस तरह इस्तेमाल होना सरकारी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। निर्माण के समय जिस स्थल को यात्री सुविधा के रूप में विकसित करने का दावा किया गया था, आज वही जगह जलावन रखने के काम आ रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि बस पड़ाव का समुचित रखरखाव और निगरानी नहीं होने के कारण धीरे-धीरे इसकी उपयोगिता खत्म होती जा रही है। यात्रियों को सुविधा देने के लिए खर्च की गई सरकारी राशि का यदि सही तरीके से उपयोग ही नहीं हो रहा है, तो फिर ऐसे निर्माण का औचित्य क्या है?लाखों की लागत से बना भवन, लेकिन यात्रियों के लिए सुविधा नदारद—आखिर सरकारी संपत्ति की देखरेख कौन करेगा? यह सवाल अब स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मामले का संज्ञान लेते हुए प्रतीक्षालय को खाली कराने, साफ-सफाई कराने तथा इसे पुनः यात्रियों के उपयोग के योग्य बनाने की मांग की है। साथ ही, लोगों ने यह भी मांग की है कि सार्वजनिक योजनाओं पर खर्च होने वाली सरकारी राशि के बाद उनके रखरखाव और उपयोग की भी नियमित निगरानी हो, ताकि कागजों पर नहीं बल्कि धरातल पर आम जनता को सुविधा मिल सके।

Previous post मनिहारी में 8 साल की बच्ची से दुष्कर्म, पुलिस ने 18 वर्षीय आरोपी को 24 घंटे के अंदर दबोचा
Next post शिक्षा मंत्री से मिले पटनी नारायणपुर हाईस्कूल के शिक्षक, विशेषावकाश व्यवस्था में बदलाव की मांग
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial