माघ मेला को सफल संचालन को लेकर एसडीएम ने किया बैठक ।
रतन कुमार ओझा (मनिहारी)
मनिहारी स्थित गंगातट पर प्रति वर्ष माघ पूर्णिमा के अवसर पर लाखों की संख्या मे श्रद्धालु गंगा स्नान को आते हैं। गंगा किनारे रात्रि में विश्रामकर प्रातः आस्था की डुबकी लगाते हैं। इन्हीं श्रद्धालुओं और संतों को भक्तिमय वातावरण उपलब्ध कराने के ऊद्देश्य से धर्मानुरागियों द्वारा दान चंदे की राशि से यज्ञ, हरिनाम संकीर्तन कराये जाते रहे हैं। इस वर्ष भी गंगातट पर 108 घंटे का महारूद्र यज्ञ का अनुष्ठान किया गया है।यज्ञ समिति के अध्यक्ष स्थानीय विधायक मनोहर प्रसाद सिंह, सचिव एवं नगर पंचायत के मुख्य पार्षद राजेश कुमार सहित अन्य प्रबुद्धजनों के साथ स्थानीय प्रशासन ने बैठक की। अनुमंडल पदाधिकारी कुमार सिद्धार्थ की अध्यक्षता मे हुई बैठक मे माघ पूर्णिमा के मौके पर गंगा स्नान करने आनेवाले श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधा मुहैया कराने और यज्ञ अनुष्ठान को शांतिपूर्ण संपन्न कराने को लेकर विचार विमर्श किया गया। अनुमंडल पदाधिकारी कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि 4 फरवरी को 108 घंटे के महारुद्र यज्ञ के निमित्त भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली जायेगी। गंगाकिनारे साफ ,सफाई , व प्रकाश की समुचित व्यवस्था रहेगी।गंगस्नान को आनेवाले धर्मानुरागियों की सुरक्षा हेतु किनारे बैरिकेडिंग की जाएगी, किसी अनहोनी व अप्रिय घटना से निपटने के लिए एनडीआरएफ, स्थानीय गोताखोर, दमकल, सहित स्वास्थ्य विभाग की चिकित्सा सेवा के लिए चिकित्सक दल मौजूद रहेंगे। विधि व्यवस्था की संधारण को लेकर मेला परिसर मे दण्डाधिकारी के नेतृत्व मे पुलिस बल प्रतिनियुक्त रहेगें। मेले मे गड़बडी करने वाले पर पैनी नजर रहेगी। हुड़दंग करनेवाले बख्से नहीं जाएंगे।आमजन से अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। मेला व यज्ञ अनुष्ठान के दौरान गंगाकिनारे जानेवाली भारी वाहनों पर एहतियातन प्रतिबंध रहेगा।स्थानीय विधायक सह कमेटी के अध्यक्ष मनोहर प्रसाद सिंह ने कहा कि इस वर्ष भी भव्य मेले का आयोजन निर्धारित है।मुख्य पार्षद सह मेले के सचिव राजेश कुमार ने आमजन से यज्ञ व मेले मे अपनी सहभागिता का निवेदन किया है। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी रणधीर कुमार नगर कार्यपालक पदाधिकारी डॉ रणधीर लाल, गोपाल कृष्ण यादव, विजय कृष्ण सिंह, जदयू प्रखंड अध्यक्ष मंजय साह, सरपंच राजेंद्र सिंह, राजा यादव, राजेश रजक, स्वास्थ्य प्रबंधक उमर फारूक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
