June 21, 2026

भव्य कलश शोभायात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान सप्ताह का शुभारंभ।

Read Time:2 Minute, 47 Second

(हसनगंज डेस्क)

हसनगंज प्रखंड स्थित सार्वजनिक दुर्गा मंदिर प्रांगण में शुक्रवार को श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान सप्ताह के आयोजन की शुरुआत भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हुई। शोभायात्रा में लगभग पाँच हजार कुमारी कन्याओं और बड़ी संख्या में सौभाग्यवती महिलाओं ने हिस्सा लिया, जिससे पूरा क्षेत्र श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंग गया। कलश यात्रा दुर्गा मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर हसनगंज बाजार, मननपुर, थाना मुख्य सड़क, नवादा मोड़ होते हुए कोठी टोला पोखर पहुँची, जहाँ वैदिक विधि-विधान के साथ कलशों में जल भरने का कार्य संपन्न हुआ। इसके बाद शोभायात्रा कोठी टोला, मोहलीटोला व सेंट्रल बैंक चौक होते हुए पुनः दुर्गा मंदिर पहुँची, जहाँ इसका समापन किया गया। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि प्रखंड स्तरीय सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान सप्ताह 12 दिसंबर से 18 दिसंबर तक आयोजित किया जा रहा है। कथा वाचन के लिए वृंदावन धाम से पधारे कथावाचक श्री प्रेमानंद पीतांबर परमेश्वर महाराज जी प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से प्रवचन देंगे। उनके आगमन से श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया। कथावाचक श्री प्रेमानंद पीतांबर परमेश्वर महाराज जी ने कहा कि हजारों की संख्या में भक्तों की उपस्थिति क्षेत्र की भक्ति भावना और अध्यात्म के प्रति गहरी आस्था को दर्शाती है। उन्होंने हसनगंज को ‘भक्ति की नगरी’ बताते हुए कहा कि यह आयोजन पूरे प्रखंड की सुख-समृद्धि, शांति और आपसी भाईचारे को समर्पित है। आयोजकों ने बताया कि इस कथा सप्ताह में प्रखंड के पाँचों पंचायतों के साथ-साथ अन्य प्रखंडों और आसपास के जिलों से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। उनका विश्वास है कि सात दिनों तक चलने वाला यह आध्यात्मिक आयोजन समाज में सद्बुद्धि, सौहार्द और प्रेम का मजबूत संदेश स्थापित करेगा।

Previous post अमित कुमार ने संभाला बिहार ग्रामीण बैंक कांटाकोश शाखा प्रबंधक का पद।
Next post कटिहार स्टेशन पर रेलवे मजिस्ट्रेट चेकिंग में हुई बड़ी कार्रवाई।100 से अधिक पकड़े गए बेटिकट यात्री
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial