महिला संवाद हेतु महादलित टोला में विशेष विकास शिविर का आयोजन
क़ुरसेला (राजशेखर जयसवाल)
डॉ. अंबेडकर समग्र सेवा अभियान बिहार महादलित विकास मिशन पटना के तत्वावधान में सरकार द्वारा अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति के सर्वांगीण विकास हेतु उठाए गए लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सर्वसुलभ कराने और उन्हें ऑन द स्पॉट लाभ दिलाने हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमारी प्रियंवदा की अध्यक्षता में शनिवार को शाहपुरधर्मी पंचायत के कटरिया पंचायत भवन में विशेष विकास शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान मुखिया अरुण यादव भी उपस्थित रहे।बीडीओ कुमारी प्रियंवदा ने विशेष विकास शिविर में बताया कि सरकार का महत्वाकांक्षी उद्देश्य है कि सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत हर टोला-हर परिवार-हर सेवा का नारा दिया गया है। महिला संवाद के तहत विशेष विकास शिविर का आयोजन कर लोक कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति समुदाय के व्यक्तियों को आच्छादित करना। जिसके लिए उक्त समुदाय के बीच आज शिविर लगाकर योजनाओं की जानकारी देने के साथ योजनाओं का लाभ वंचितों को दिलाया जा रहा है। वहीं बीपीआरओ शांतनु ठाकुर ने बताया कि उक्त समुदाय के टोले में शिविर लगाकर वंचित व्यक्तियों को सामाजिक सुरक्षा योजना अंतर्गत वृद्धावस्था पेंशन,विधवा पेंशन,लक्ष्मीबाई सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन, पारिवारिक लाभ,कन्या विवाह, दिव्यांग कार्ड,दिव्यांग विवाह, बंदोबस्ती, प्रधानमंत्री आवास सहित विभिन्न लाभकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराते हुए प्राथमिकता के तौर पर उन्हें लाभ दिलाने की दिशा में कार्य किया गया। सनद रहे कि सरकार की मंशा को पूर्ण करने के लिए सभी अधिकारी व कर्मियों को हर हाल में विभागीय निर्देश का पालन करना आवश्यक है ताकि उक्त समाज के वंचित व्यक्ति सरकारी लाभ से लाभान्वित हो सके। इस दौरान अंचलाधिकारी अनुपम कुमारी,सीडीपीओ,आपूर्ति पदाधिकारी कुमार किंचित, प्रखण्ड कल्याण पदाधिकारी, कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी सहित प्रखण्ड के सभी अधिकारी और कर्मी मौजूद थे।
