सड़क परिवहन नियमों की अनदेखी करनेवालों पर प्रशासन की होगी पैनी नजर ।
रतन कुमार ओझा (मनिहारी)
मनिहारी कटिहार मुख्य पथ पर हाल के दिनों मे रफ्तार की कहर के मद्देनजर स्थानीय प्रशासन एवं नगर के गण्यमान्य प्रबुद्धजन, जन प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कई प्रभावी कदम उठाने के निर्णय लिए गये थे।जगह जगह गतिसीमा कम किये जाने को ले अवरोध लगाने, निर्धारित भार क्षमता के अनुरूप व्यवसायिक बड़े ,छोटे वाहनों को सड़क परिवहन नियमों के अनुरूप चलाने,के निर्णय लिए गये थे।शहरी क्षेत्रों मे बड़े व्यवसायिक वाहनों के प्रवेश व प्रस्थान के लिए समय निर्धारित की गयी थी।वावजूद इसके ये सभी निर्णय प्रभावी होने के पहले वाहन मालिकों व चालकों की स्वेच्छाचारिता के कारण प्रभावहीन हो गयी और जाम की समस्या फिर से आम होने लगी।ओवरलोडेड बड़े बड़े व्यवसायिक वाहनों , गिट्टी ,बालू लदे ट्रकों की आवाजाही नियमों को मुंह चिढ़ाते पूर्व की भांति चलने से आमजन में प्रशासन की उदासीनता से रोष पनपने लगा। इसे भांपते हुए अनुमंडल पदाधिकारी मनिहारी के दिशानिर्देश के आलोक मे अम्बेडकर चौक पर अंचलाधिकारी राजेश रंजन, थानाध्यक्ष रामविलास सिंह, एसआई विपिन कुमार ने पुलिस बल के साथ निर्धारित नियमों व सड़क परिवहन नियमों की अनदेखी कर चलनेवाली वाहनों की सघन जांच की गयी।अंचलाधिकारी श्री रंजन ने कहा कि विगत दिनों जनप्रतिनिधियों, वाहन मालिकों के साथ हुई बैठक में लिए गये निर्णय को प्रभावी ढ़ंग से लागू किये जाएंगे।जानकारी दी कि बुद्धवार को चलाये गये जांच अभियान मे नियमों की अनदेखीकर चलाये जा रहे अनेक वाहनों को रोक कर हिदायत दी गयी। आनेवाले दिनों में यह अभियान जारी रहेंगे। परिवहन नियमों की अनदेखी व अड़ियल रवैया रखनेवाले वाहन चालक व मालिकों के विरुद्ध नियम संगत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।वाहन जांच के दौरान अनेक पुलिस बल उपस्थित थे।
