May 25, 2026

20 साल बाद दोबारा शुरू हुई ट्रेन, 12 दिन से एक भी टिकट नहीं बिका

Read Time:4 Minute, 30 Second

NATION: कानपुर के सेंट्रल स्टेशन से बिठूर (ब्रह्मावर्त स्टेशन) के बीच 20 साल बाद दोबारा चली मेमू खाली दौड़ रही है। इस साल 6 जनवरी को यह ट्रेन गाजे-बाजे के साथ शुरू हुई थी लेकिन यात्री लोड नगण्य है। ट्रेन चलने के पहले दिन ही महज पांच यात्रियों के साथ विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने टिकट लेकर सफर किया था। आज हाल यह है कि इस महीने 12 दिन कानपुर से बिठूर का एक भी टिकट नहीं बिका और बिठूर से कानपुर का टिकट पिछले 13 दिन में एक भी नहीं बिका। यात्रियों के मुंह मोड़ने की वजह ट्रेन नहीं, बल्कि इसका शेड्यूल है।

कानपुर से बिठूर के लिए ट्रेन चलाने की मांग संसद में उठी थी। सांसद देवेन्द्र सिंह भोले और सत्यदेव पचौरी ने रेल मंत्री से ट्रेन दोबारा चलाने की मांग थी। इस प्रस्ताव को न केवल स्वीकार किया गया बल्कि खुद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसका उद्घाटन किया। शुरुआती दिनों में कानपुर से बिठूर औसतन दो-तीन यात्री रोज आते-जाते थे। अब तो हफ्ते-हफ्ते भर टिकट की बोहनी तक नहीं होती। इस महीने एक से 22 जुलाई के बीच 12 दिन एक भी टिकट कानपुर सेंट्रल से ब्रह्मावर्त का नहीं जारी हुआ। इतना ही नहीं, कानपुर से बिठूर के बीच स्थित अनवरगंज, रावतपुर स्टेशनों का भी टिकट नहीं बिका। कानपुर से कल्याणपुर के लिए केवल चार टिकट जारी हुए।

कमाई 1000, खर्च 10 लाख

ट्रेन से बेरुखी की सबसे बड़ी वजह इसकी टाइमिंग बताई जा रही है। अगर समय में बदलाव कर दिया जाए तो अच्छी खासी संख्या में यात्री मिल सकते हैं। इस ट्रेन में तीन का परिचालन स्टाफ, स्टेशनों का स्टाफ, ट्रैक मैन, गैंगमैन और ब्रह्मावर्त स्टेशन स्टाफ आदि की लंबी चौड़ी टीम है। अकेले इनके वेतन पर ही छह लाख रुपये महीने का खर्च है। इसके अलावा करीब 4 लाख रुपये महीने के अन्य खर्च हैं। यानी इस ट्रेन को चलाने का न्यूनतम खर्च 10 लाख रुपये महीना है। इसके उलट कमाई न के बराबर है। इस महीने कुल 1000 रुपये के टिकट बिके हैं। इस हफ्ते की बात करें तो 300 रुपये की कमाई सेंट्रल को इस ट्रेन से हुई है। शुक्रवार को ट्रेन को चार चक्करों में केवल 9 यात्री मिले जबकि ट्रेन की यात्री क्षमता 1500 से ज्यादा की है। कोच की संख्या के बराबर भी यात्री नहीं इस मेमू में 12 डिब्बे हैं। दिलचस्प बात यह है कि रोज इस ट्रेन के डिब्बों की संख्या के बराबर भी यात्री यात्रा नहीं करते। इतनी लंबी ट्रेन में कभी दो तो कभी सात तो कभी एक भी यात्री सफर नहीं करता है। ‌(सभी खर्च अनुमानित दर पर आधारित है। )

ये है ट्रेन का शेड्यूल-कानपुर सेंट्रल से बिठूर को चलती है सुबह 9:10 बजे और दोपहर 14:30 बजे-बिठूर से कानपुर के लिए चलती है सुबह 10:45 और शाम 17:05 बजे ।

कानपुर से बिठूर जाने में 65 मिनट तो बिठूर से आने में 75 मिनट लगते हैं-यात्रियों की मांग है कि यह ट्रेन कानपुर से सुबह 7 और शाम 5 बजे चले-वापसी में यह ट्रेन बिठूर से सुबह आठ और शाम को छह बजे चलाई जाए ।

Source Google मिडिया रिपोर्ट

Previous post निरीक्षण: – जिला भूअर्जन पदाधिकारी ने पीएचसी व विद्यालयों आदि का किया निरीक्षण
Next post शिक्षक भर्ती घोटाले के खिलाफ बिजेपी का महाजुलूस
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial