विकसित भारत संकल्प यात्रा तहत केंद्र सरकार की योजनाओं की दी गई जानकारी
तनवीर आलम (हसनगंज)
कोढ़ा प्रखंड के राजवाड़ा पंचायत स्थित आवासीय मध्य विद्यालय सादपुर राजवाड़ा में विकसित भारत संकल्प यात्रा तहत कार्यक्रम आयोजित कर केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजनों को दी गई। मौके पर कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी, विधायक कविता पासवान, एमएलसी अशोक अग्रवाल, जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह, पूर्व केंद्र मंत्री निखिल कुमार चौधरी आदि ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने उपस्थित आमजनों को केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया। साथ ही प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, सुकन्या योजना, पीडीएस योजना, हेल्थ चेकअप सहित विभिन्न लाभकारी योजनाओं की जानकारी के साथ लाभ प्राप्त करने वाले लोगों से फीडबैक लिया गया। मौके पर उपस्थित मुख्य अतिथियों ने केंद्र सरकार की कई महत्वाकांक्षी योजनाओं के बारे में लोगों को विस्तृत रूप से जानकारी दी। साथ ही निमित लाभकों के बीच प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना तहत फ्री गैस चूल्हा आदि का वितरण किया गया। पीडीएस कार्ड, सुकन्या खाता सहित जीविका स्वयं सहायता समूह के दीदीयों के बीच करोड़ों का सैंपल चेक का वितरण किया गया। मौके पर केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने अपने संबोधन में बताया कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में केंद्र सरकार की योजनाओं से लोगों को लाभ मिल रहा है। महिलाएं आत्मनिर्भर हो रही है. बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिल रहा है। अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोग पक्का मकान में निवास कर रहे हैं। मौके पर ग्रामीणों को कृषि क्षेत्र में नई तकनीक से खेती करने की जानकारी दी गई। साथ ही खेतों में ड्रोन के माध्यम से जैविक ढंग से रसायनों के छिड़काव की भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम स्थल में विभिन्न योजनाओं का स्टॉल लगाए गए। सभी स्लॉट में संबंधित कर्मी मौजूद रहकर लोगों को योजना संबंधित जानकारी प्रदान करते हुए सुझाव दिए। कार्यक्रम का संचालन कोढ़ा बीडीओ श्याम कुमार ने किया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज राय, पूर्व जिला अध्यक्ष लक्खी प्रसाद, चंद्रभूषण ठाकुर, मुखिया अनवारा खातुन, सरपंच ताजबून खातून, उप सरपंच शंभू कुमार चौबे सहित समाजसेवी के रूप में हसन रजा, आजाद अली, बबलू मिश्रा, उदय सिंह, सहित जनप्रतिनिधिगण व सैकड़ो की संख्या में ग्रामीण आदि मौजूद रहे।
