मध्य विद्यालय गोपीनगर की शिक्षा सेवक कुमारी झुनावती को उत्कृष्ट कार्य के लिए डीएम ने किया पुरस्कृत
प्रवीण कुमार(कटिहार)
कदवा प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय गोपीनगर की शिक्षा सेवक कुमारी झुनावती को उत्कृष्ट कार्य करने के लिए जिला प्रशासन के द्वारा पुरस्कृत किया गया है। पिछले दिनों जिला मुख्यालय स्थित टाउन हॉल में कला संस्कृति एवं युवा विभाग बिहार के सौजन्य से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी मनेष कुमार मीणा एवं जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी कुमारी रीना गुप्ता ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मध्य विद्यालय गोपी नगर के प्रधानाध्यापक अशोक कुमार मंडल ने बताया कि जिले के तीन महिला शिक्षा सेवक को जिला अधिकारी के द्वारा टाउन हॉल में सम्मानित किया जिसमें एक कुमारी झुनावती भी शामिल हैं। प्रधानाध्यापक अशोक कुमार मंडल ने कहा कि विद्यालय की शिक्षा सेवक कुमारी झुनावती को उत्कृष्ट कार्य करने के लिए जिला स्तर पर सम्मानित कर मध्य विद्यालय गोपी नगर को गौरवान्वित करने का कार्य किया है। शिक्षा सेवक कुमारी झुनावती ने जिला स्तरीय प्रशस्ति पत्र प्राप्त कर गर्व महसूस करते हुए कहा कि मुझे यह सम्मान नहीं मिला है, बल्कि मध्य विद्यालय गोपी नगर के शिक्षक- शिक्षिका सहित छात्र-छात्राओं को मिला है। इसका श्रेय विद्यालय परिवार को जाता है। कुमारी झुनावती ने कहा कि इसके पूर्व प्रदेश स्तर पर पटना में आयोजित समारोह में भी मुझे पुरस्कृत किया गया था। विद्यालय के प्रधानाध्यापक अशोक कुमार मंडल, शिक्षक मधुकर विश्वास, मिथलेश कुमार यादव, कुमारी प्रतिमा, न्यूटन कुमार, अरुण कुमार दास, कविता दास, मोहम्मद राजाउल्लाह, मोहम्मद जुबेर आलम,मधु पाठक ने बधाई दिया है।
