November 6, 2026

आग लगने से एक घर जलकर हुआ खाक मवेशी के समीप धुआं हेतु लगाए गए आग से घटित हुई घटना

Read Time:2 Minute, 28 Second

कुर्सेला (राजशेखर जयसवाल)

कुरसेला प्रखंड क्षेत्र के उत्तरी मुरादपुर पंचायत के बलथी महेशपुर गांव में रविवार की अहले सुबह अचानक आग लगने से एक घर जलकर राख हो गया। मिली जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह लगभग 3:00 बजे बलथी महेशपुर गांव के मनोज साह पिता जयप्रकाश साह वार्ड 05 स्थित घर में अचानक आग लग गई। आग लगने का मुख्य कारण मवेशियों के समीप धुआं करने के उद्देश्य से लगाए गए अलाव से निकली चिंगारी बताई जा रही है। अहले सुबह की घटना होने के कारण सभी सोये हुए थे। आग की तपिश से जब तक लोग जाग कर कुछ कर पाते तब तक आग ने विध्वंसक रूप धारण कर लिया था और देखते ही देखते कुछ ही समय में सब कुछ धू-धू कर आग में जलने लगा। जिससे घर के सदस्य जोर-जोर से चिल्लाने लगे। आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोगो के द्वारा आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। वहीं कुरसेला थाना को भी घटना की सूचना दी गई। जिसके बाद स्थानीय लोगों के प्रयास एवं थाना से आए हुए मिनी दमकल ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया।हालांकि तब तक घर में रखा जुगाड़ गाड़ी,एक बकरी, साइकिल,कपड़ा,बर्तन एवं खाने- पीने का सारा सामान जलकर खाक हो गया। पीड़ित गृहस्वामी ने बताया कि आग लगने से लगभग 01 लाख रूपए की अनुमानित मूल्य की क्षति हुई है । अग्नि पीड़ित परिवार ने अंचलाधिकारी से आपदा अनुदान राशि की मांग की है। वही अंचलधिकारी अनुपम कुमारी ने बताया कि राजस्व कर्मचारी रोहित कुमार को उक्त घटना स्थल पर आकलन के लिए भेजा गया है। क्षति का आकलन किया जा रहा है।कागजी प्रक्रिया के बाद आपदा प्रबंधन के प्रावधान के अनुसार अग्नि पीड़ित परिवार को अनुदान की राशि दी जाएगी।

Previous post सर्पदंश से इलाज के दौरान किशोरी कि मौत।
Next post मनिहारी रेलवे फाटक पर जर्जर सड़क की मरम्मत, हादसों से मिलेगी राहत
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial