सांसद तारिक़ अनवर के प्रयास से कई ट्रेनों का ठहराव
डेस्क|कटिहार
कोरोना काल से ठप पड़े कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव एक बार फिर बहाल होने जा रहा है। सीमांचल के लोगो के लिए यह बड़ी राहत की खबर है। सांसद तारिक़ अनवर के अथक प्रयास और पहल के बाद रेलवे ने कई ट्रेनों का ठहराव जिले के छोटे-बड़े स्टेशनों पर देने की घोषणा की है। इसकी जानकारी कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील यादव ने प्रेस वार्ता कर दी। उन्होंने बताया कि लंबे समय से स्थानीय लोगों की मांग थी कि ट्रेनों का ठहराव बहाल किया जाए। कोरोना काल में अस्थायी रूप से हटाए गए ठहराव से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लेकिन अब रेलवे द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार अलग-अलग तिथियों से ठहराव शुरू होंगे। जिससे इस इलाके के लोगो मे उत्साह है। इस बारे विस्तृत जानकारी देते हुए कांग्रेस प्रवक्ता प्रह्लाद कुमार गुप्ता सबसे पहले 5 सितंबर 2025 से कटिहार-सिलीगुड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस (15719/15720) का ठहराव सुधानि और तेलता स्टेशनों पर किया जाएगा। इसी दिन सियालदह-अलीपुरद्वार तीस्ता तोर्षा एक्सप्रेस (13141/13142) का ठहराव आजमनगर रोड स्टेशन पर शुरू होगा। इसके बाद 6 सितंबर 2025 से सियालदह-सबरूम कंचनजंघा एक्सप्रेस (13175/13176) भी आजमनगर रोड स्टेशन पर रुकेगी। इसी दिन कटिहार-जोगबनी डीएमयू (75757/75758) का ठहराव दलन और रौतारा स्टेशनों पर बहाल किया जाएगा। यात्रियों की सहूलियत को देखते हुए 7 सितंबर 2025 से सियालदह-सिलचर कंचनजंघा एक्सप्रेस (13173/13174) का ठहराव भी आजमनगर रोड स्टेशन पर होगा। वहीं 9 सितंबर 2025 से कामाख्या-जोधपुर एक्सप्रेस (15624/15625) का ठहराव सोनैली स्टेशन पर बहाल किया जाएगा। जिलाध्यक्ष सुनील यादव ने कहा कि यह सब सांसद तारिक़ अनवर के प्रयास का परिणाम है। स्थानीय यात्रियों को अब अपने ही नजदीकी स्टेशनों से सफर करने की सुविधा मिलेगी और उन्हें बड़ी राहत महसूस होगी। इस मौके पर जिला महासचिव राजा मिश्रा ने सांसद तारिक अनवर को धन्यवाद देते हुए कहा कि इन ट्रेनों के रुकने से अन्य राज्य की दूरी तय करने वाले लोगों को आसानी होगी साथ ही व्यापार एवं चिकित्सा के लिए महानगरों के सफर करने वाले लोगों को आसानी होगी। इस प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कांग्रेस प्रवक्ता शंभू शरण गुप्ता,संदीप शर्मा, सुबोध यादव, जगत प्रसाद शाहित कई कांग्रेसी नेता उपस्थित थे।
