May 2, 2026

विद्यालय परिसर में जल जमाव से बड़ी परेशानी

Read Time:1 Minute, 49 Second

(डेस्क|हसनगंज)

हसनगंज प्रखंड के आदर्श मध्य विद्यालय परिसर में मनरेगा योजना के तहत बनाए गए खेल मैदान में पहली ही बारिश के बाद जलजमाव की समस्या सामने आ गई है। मैदान में पानी भर जाने से स्कूली बच्चे उसी जमा पानी में खेलकूद करने को मजबूर हैं, जिससे उन्हें काफी परेशानी हो रही है। विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका रेणु कुमारी ने बताया कि मनरेगा योजना के अंतर्गत खेल मैदान का निर्माण कराया गया था, लेकिन जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण मैदान में पानी भर जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले इस तरह की समस्या नहीं होती थी और बच्चे आराम से खेलकूद का आनंद लेते थे, लेकिन निर्माण के बाद स्थिति उलटी हो गई है। मौके पर मौजूद अभिभावक मो. इमरान समेत अन्य लोगों ने बताया कि करीब 10 लाख रुपये की लागत से यह मैदान बनाया गया, लेकिन इसका लाभ बच्चों को नहीं मिल पा रहा है। यह मैदान अब खेल के बजाय जलजमाव का केंद्र बन गया है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाए, ताकि बच्चों को इस समस्या से राहत मिल सके और वे सुरक्षित व सुचारू रूप से खेलकूद कर सकें।

Previous post बस स्टैंड के पास दुकान में छापेमारी, 700 ग्राम गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार
Next post सेवानिवृत्त बिहार पुलिस दफादार के सम्मान में विदाई समारोह का हुआ आयोजन
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial