May 26, 2026

गंगा दशहरा की पूर्व संध्या पर मनिहारी गंगा तट पर भव्य महाआरती, श्रद्धालु हुए मंत्रमुग्ध

Read Time:2 Minute, 18 Second

मनिहारी (रतन कुमार ओझा)

गंगा दशहरा की पूर्व संध्या पर सोमवार को मनिहारी के मुख्य गंगा तट पर भव्य गंगा महाआरती का आयोजन किया गया। वाराणसी से पहुंचे ग्यारह विद्वान पंडितों ने पंडित राजमण पांडेय के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ मां गंगा की आरती संपन्न कराई। नगर पंचायत के मुख्य पार्षद राजेश कुमार उर्फ लाखो यादव की देखरेख में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम को देखने के लिए सैकड़ों नगरवासी गंगा तट पर उमड़ पड़े। पूरा वातावरण शंखध्वनि, घंटों की गूंज और भक्तिमय भजनों से गूंज उठा।कार्यक्रम में सदर विधायक सह पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, स्थानीय विधायक मनोहर प्रसाद सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी त्रिलोकी नाथ सिंह, बीडीओ सनत कुमार, पंचायती राज पदाधिकारी सोनु गुप्ता सहित भाजपा के कई नेता, कटिहार नगर निगम एवं नगर पंचायत के दर्जनों पार्षद, महिला-पुरुष श्रद्धालु एवं सनातन धर्मावलंबी मौजूद रहे। पूर्व उपमुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन द्वारा गंगा तट और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।महाआरती के दौरान ढोल-नगाड़ों और वैदिक मंत्रों की ध्वनि के बीच बच्चियों ने धार्मिक नृत्य प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। आयोजन की भव्यता को देखकर उपस्थित लोग भावविभोर हो उठे और सैकड़ों लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में इस यादगार पल को कैद किया। कार्यक्रम के समापन के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

Previous post रौतारा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, खुदना चौक से 03 शराब पियक्कड़ गिरफ्तार।
Next post कुर्सेला में अवैध हथियार के साथ मो. जहांगीर गिरफ्तार,आर्म्स एक्ट में केस दर्ज
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial