मक्का लोड ट्रैक्टर गड्ढे में पलटा, किसान घायल
कुरसेला (राजशेखर जयसवाल)
कुरसेला थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा नदी के गोबराही दियरा स्थित दुर्गा स्थान टोला के समीप मंगलवार को मक्का लोड एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार एक किसान घायल हो गया, जबकि चालक ने समय रहते ट्रैक्टर से कूदकर अपनी जान बचा ली।मिली जानकारी के अनुसार मक्का लोड ट्रैक्टर गोबराही दियरा से कुरसेला बाजार की ओर आ रहा था। इसी दौरान नदी किनारे कच्चे रास्ते पर अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वाहन पलटी मारते हुए सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा। दुर्घटना के समय चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए ट्रैक्टर से छलांग लगा दी, जिससे वह सुरक्षित बच गया। वहीं ट्रैक्टर पर बैठा किसान वाहन में फंस गया और घायल हो गया।घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल किसान को बाहर निकालकर उपचार के लिए एक निजी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। बताया गया कि किसान को हल्की चोटें आई हैं और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर की रफ्तार अधिक नहीं थी, लेकिन कच्ची और संकरी सड़क होने के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे गड्ढे में जा गिरा। ग्रामीणों का कहना है कि यदि चालक समय रहते ट्रैक्टर से नहीं कूदता तो बड़ा हादसा हो सकता था।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर को गड्ढे से बाहर निकालने का प्रयास शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि दियारा क्षेत्र से कुरसेला आने-जाने वाले अधिकांश रास्ते कच्चे एवं जोखिम भरे हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने प्रशासन से सड़क की स्थिति में सुधार की मांग की है।
