October 19, 2026

एक राखी पर्यावरण के नाम, पेड़-पौधों को बांधकर बच्चों ने लिया संरक्षण का संकल्प

Read Time:3 Minute, 18 Second

डेस्क(हसनगंज)

हसनगंज प्रखंड मुख्यालय स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय हसनगंज में रक्षाबंधन के पावन अवसर पर “एक राखी पर्यावरण के नाम” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रकार की आकर्षक एवं डिजाइनदार राखियां तैयार कीं और विद्यालय परिसर में मौजूद पेड़-पौधों को राखियां बांधकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यालय के इको क्लब की बच्चियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों ने पेड़-पौधों को भाई के समान मानते हुए उनकी रक्षा और संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना और यह संदेश देना था कि पेड़-पौधे भी अपनेपन के साथ हमारी रक्षा करते हैं। विद्यालय के नोडल शिक्षक धीरज कुमार कमल ने बताया कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। वे हमें फल, छाया और लकड़ी देने के साथ-साथ निस्वार्थ भाव से जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं। पेड़-पौधों के बिना पर्यावरण का संतुलन बिगड़ जाएगा और मानव जीवन पर गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पेड़-पौधों की रक्षा करने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया। प्रधानाध्यापक पवन कुमार भगत ने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी देते हुए पेड़-पौधों एवं जीव-जंतुओं से प्रेम करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए हर व्यक्ति को पेड़-पौधों की रक्षा करनी चाहिए। अत्यंत आवश्यक होने पर ही पेड़ काटे जाएं और एक पेड़ काटने की स्थिति में उसके बदले कम से कम दस नए पौधे लगाए जाएं। प्रधानाध्यापक ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं संतुलित पर्यावरण उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसके लिए बच्चों के साथ-साथ समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक होकर पौधरोपण और संरक्षण के अभियान से जुड़ना होगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सराहनीय भूमिका निभाई। बच्चों द्वारा पेड़-पौधों को राखी बांधकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेना कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा।

Previous post महुअर में कांवरिया सेवा शिविर का शुभारंभ, एमएलसी अशोक कुमार अग्रवाल ने किया उद्घाटन
Next post मनिहारी घाट पर डीएम-एसपी ने लिया सुरक्षा व सुविधाओं का जायजा
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial