August 28, 2026

आंगनबाड़ी केंद्र की जमीन पर अतिक्रमण का आरोप, वार्ड सदस्य ने CO से कार्रवाई की मांग

Read Time:2 Minute, 35 Second

डेस्क (बारसोई )

बारसोई प्रखंड के भवानीपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-11 के ग्राम पुरिया में आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण के लिए चयनित बिहार खास जमीन पर कथित रूप से अतिक्रमण शुरू किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार, उक्त जमीन को कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण का कार्य प्रभावित होने की आशंका है।मामले की सूचना स्थानीय स्तर पर कई बार फोन के माध्यम से अंचल पदाधिकारी (CO) बारसोई एवं थाना प्रभारी आबादपुर को दिए जाने की बात कही गई है। हालांकि, आरोप है कि सूचना देने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।स्थायी वार्ड सदस्य मनवारूल हक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अंचल पदाधिकारी को लिखित आवेदन देकर चयनित जमीन को अतिक्रमण से बचाने तथा पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।आवेदन में कथित रूप से चैनुद्दीन, साजिर, नाजिर, एहशम, मुजाहिद और मुजम्मिल समेत कुछ लोगों द्वारा जमीन पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत की गई है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और संबंधित लोगों का पक्ष भी सामने नहीं आया है।वार्ड सदस्य मनवारूल हक का कहना है कि यह जमीन आंगनबाड़ी केंद्र भवन के लिए चयनित है। यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो सरकारी योजना के तहत बनने वाले आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण में परेशानी उत्पन्न हो सकती है।अब देखना होगा कि अंचल प्रशासन इस शिकायत पर कब तक जांच कर कार्रवाई करता है और चयनित सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Previous post प्रशासनिक कुशल प्रबंधन से शांतिपूर्ण संपन्न हुआ मनिहारी का श्रावणी मेला, प्रबुद्धजनों ने जताया आभार
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial