October 2, 2026

बुढ़ी माता भगवती की पूजा को लेकर निकली भव्य कलश शोभायात्रा।

Read Time:2 Minute, 6 Second

डेस्क (हसनगंज)

प्रखंड अंतर्गत बलुआ पंचायत के बलुआ गांव स्थित बीच टोला में मंगलवार को बुढ़ी माता भगवती की पूजा-अर्चना को लेकर भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। पारंपरिक रीति-रिवाज एवं विधि-विधान के साथ आयोजित शोभायात्रा में बड़ी संख्या में सौभाग्यवती महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं के सिर पर सजे कलश और माता भगवती के जयकारों से पूरा गांव भक्तिमय हो उठा। कलश शोभायात्रा बलुआ गांव स्थित भगवती स्थान से प्रारंभ हुई। शोभायात्रा विभिन्न टोले-मोहल्लों से गुजरते हुए रटनी कमला धार पहुंची, जहां महिलाओं ने विधि-विधान के साथ जल भरा। इसके बाद सभी श्रद्धालु कलश लेकर पुनः बलुआ गांव स्थित भगवती स्थान पहुंचे, जहां शोभायात्रा का समापन किया गया। इस दौरान महिलाएं सिर पर कलश धारण कर माता रानी के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रही थीं। जगह-जगह ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। आयोजन से जुड़े भाजपा युवा मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष पप्पू कुमार मंडल, प्रतिमा देवी, किरण कुमारी, उषा देवी, रूपा देवी एवं अनुराधा देवी ने बताया कि बुढ़ी माता भगवती की पूजा-अर्चना की परंपरा गांव में पूर्वजों के समय से चली आ रही है। ग्रामीण आज भी इस परंपरा को पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ निभा रहे हैं। गांव में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली बनी रहे, इसी मंगलकामना के साथ कलश शोभायात्रा निकाली गई।

Previous post आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर बच्चों के बीच फल वितरित, गर्भवती महिलाओं की हुई गोद भराई
Next post मंदिर का ताला तोड़कर वारदात, श्रद्धालुओं में आक्रोश; पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच।
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial